DU CSAS UG 2026: अपग्रेड राउंड सीट अलॉटमेंट जारी, 4 अगस्त तक करें सीट एक्सेप्ट
TV9 Bharatvarsh August 02, 2026 07:42 PM

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) यूजी 2026 के अपग्रेड राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया है. जिन छात्रों को इस राउंड में नई या अपग्रेडेड सीट मिली है उन्हें तय समय सीमा के भीतर सीट स्वीकार कर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक फीस जमा नहीं करने पर अलॉट सीट स्वतः रद्द हो जाएगी. साथ ही जिन अभ्यर्थियों को आवेदन में बदलाव करना है या जिन्होंने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है उनके लिए मिड-एंट्री और करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी.

अगर छात्र आवंटित सीट पर एडमिशन लेना चाहते हैं तो उन्हें 4 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक सीट स्वीकार करने के साथ सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी. इसमें एडमिशन फीस जमा करना भी अनिवार्य है.

तीसरे राउंड से पहले मिलेगा करेक्शन का मौका

DU के अनुसार, कॉलेज 3 अगस्त 2026 शाम 4:59 बजे तक छात्रों के आवेदन का वेरीफिकेशन और एक्सेप्ट करेंगे. वहीं 3 अगस्त से 5 अगस्त 2026 तक मिड-एंट्री और करेक्शन विंडो खुली रहेगी. इस दौरान जिन छात्रों ने पहले आवेदन नहीं किया था वो 1,000 रुपये का नॉन रिफंडेबल फीस देकर नया आवेदन कर सकेंगे. जिन अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन तो किया था लेकिन कॉलेज या कोर्स की प्राथमिकताएं नहीं भरी थीं वो भी इस अवधि में अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. जिन छात्रों को पहले या दूसरे राउंड में सीट नहीं मिली है उन्हें अपनी पसंद में बदलाव करने का मौका मिलेगा.

आगे का शेड्यूल

विश्वविद्यालय ने बताया कि तीसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट 8 अगस्त 2026 को जारी होगा, जबकि इसकी मेरिट 5 अगस्त तक उपलब्ध उम्मीदवारों के अपडेटेड डेटा के आधार पर तैयार की जाएगी. इसलिए जिन छात्रों को अपनी जानकारी में संशोधन करना है वो 5 अगस्त रात 11:59 बजे तक करेक्शन विंडो का उपयोग कर सकते हैं.

ऐसे देखें रिजल्ट

रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार DU के CSAS पोर्टल पर जाएं, “CSAS (UG) Upgraded Round” लिंक पर क्लिक करें और CUET UG आवेदन संख्या या रजिस्टर्ड ईमेल आईडी व पासवर्ड से लॉग इन करें. इसके बाद आवंटित कॉलेज, कोर्स और एडमिशन स्टेटस चेक करें और भविष्य के लिए सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.