Ramayana Ajinkya Deo Role: नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज हुआ था. ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है. इस ट्रेलर में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय और रकुल प्रीत सिंह जैसे स्टार्स नजर आए. इसमें ऋषि विश्वामित्र के किरदार की झलक भी दिखाई दी, जिसे अजिंक्य देव निभा रहे हैं. अजिंक्य देव ने ‘रामायण’ की शूटिंग और कास्टिंग से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने एक अलग किरदार के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन बाद में उन्हें विश्वामित्र का रोल मिला.
4000 करोड़ी ‘रामायण‘ में ऋषि विश्वामित्र का किरदार निभा रहे अजिंक्य देव ने हालिया बातचीत में बताया कि उन्होंने शुरुआत में भगवान राम के पिता राजा दशरथ के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था. हालांकि बाद में ये रोल अरुण गोविल को मिल गया और इसके बाद मेकर्स ने उन्हें ऋषि विश्वामित्र का रोल ऑफर किया.
रामायण में विश्वामित्र बने अजिंक्यएक इंटरव्यू में अजिंक्य देव ने कहा, “मेरा ऑडिशन हुआ था. लेकिन दिलचस्प बात ये है कि जब मेरा ऑडिशन हुआ, तब वो राजा दशरथ के किरदार के लिए था और ये करीब तीन साल पहले की बात है. फिर जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ी, अरुण जी (अरुण गोविल) इस प्रोजेक्ट से जुड़ गए. मेरे हिसाब से इससे बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता था. वो दशरथ के किरदार के लिए बिल्कुल परफेक्ट थे. इसके बाद मुझे विश्वामित्र का रोल ऑफर किया गया, जिसे मैंने तुरंत एक्सेप्ट कर लिया, क्योंकि मैं जानता हूं कि ‘रामायण’ में इस किरदार की कितनी अहमियत है.”
यह भी पढ़ें – रामायण में सबसे ज्यादा फीस ले रहे रणबीर कपूर! यश-सनी देओल समेत पूरी स्टारकास्ट की फीस जानिए
लुक टेस्ट के बाद मिला फाइनल रोलअजिंक्य देव ने आगे कहा, “इसके बाद मेरे कई लुक टेस्ट हुए और सब कुछ बहुत अच्छे से आगे बढ़ा. मुझे उस गेटअप में देखकर पूरी टीम काफी खुश थी. ये किरदार मिलना मेरे लिए शानदार एहसास था. जैसा कि दिल्ली में ‘प्रथम संकल्प’ ट्रेलर लॉन्च के दौरान सभी ने कहा था, ‘रामायण’ के लीड किरदारों का चुनाव खुद भगवान करते हैं. ये किरदार खुद मेरे पास आया. जैसा कि मैंने कहा मैं किसी और रोल के लिए ऑडिशन दे रहा था, लेकिन आखिर में मुझे विश्वामित्र का किरदार मिला. मुझे लगता है कि ये मेरे लिए ज्यादा सही था. मेरी पर्सनैलिटी के हिसाब से भी यही रोल मुझ पर ज्यादा फिट बैठता है.”
शूटिंग के दौरान आई कई चुनौतियांअजिंक्य देव ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले उन्होंने कई वर्कशॉप्स भी की थीं. साथ ही, वीएफएक्स और बाद में एडिट होने वाले सीन्स की शूटिंग करना शुरुआत में उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने कहा, “शुरुआत में खुद को उस तरीके से एडजस्ट करना काफी मुश्किल था. अगर आप मुझसे पूछें तो ये आसान नहीं था, क्योंकि कई जगह हमारे शरीर पर मार्कर लगाए जाते थे. कुछ तय जगहों पर बिल्कुल सटीक रुकना पड़ता था, क्योंकि बाद में स्क्रीन पर जो दिखना था, उसी हिसाब से सब कुछ पहले से डिजाइन किया गया था.”
यह भी पढ़ें – दो नहीं, 3 पार्ट में बनने वाली थी रणबीर कपूर की रामायण, फिर क्यों नहीं बनी बात?
दमदार स्टारकास्ट से सजी ‘रामायण’नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म का संगीत हैंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है. वहीं, इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है, जबकि यश इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं. ये फिल्म नवंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.