भारत में दो साल बाद सामने आएंगी शेख हसीना, बांग्लादेश वापसी के प्लान का करेंगी खुलासा?
TV9 Bharatvarsh August 03, 2026 12:43 AM

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में मीडिया के सामने पहली बार खुलकर सामने आएंगी. बांग्लादेश में छात्रों के बड़े विद्रोह के बीच उनकी सरकार को हटाए जाने के लगभग दो साल बाद यह पहली बार है, जब शेख हसीना भारत में सार्वजनिक रूप से किसी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगी.

यह कार्यक्रम नई दिल्ली में फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCC साउथ एशिया) द्वारा वर्चुअली होस्ट किया जाएगा, जहां शेख हसीना अपने भविष्य के प्लान और बांग्लादेश लौटने के बारे में खुलासा कर सकती हैं.

यह बातचीत 5 अगस्त, 2026 को शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक नई दिल्ली में मथुरा रोड पर सर मार्क टली ऑडिटोरियम में होगी, जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग क्लब के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होगी.

दो साल पहले शेख हसीना की सरकार का हुआ था पतन

यह कार्यक्रम शेख हसीना के 15 साल के शासन के खत्म होने की दूसरी सालगिरह के साथ हो रहा है. 5 अगस्त, 2024 को, एक विवादित कोटा सिस्टम के खिलाफ छात्रों के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन एक देशव्यापी सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया था, जिसने हसीना को पद छोड़ने पर मजबूर कर दिया था और वह भारत आ गई थीं.

भारत आने के बाद से हसीना सार्वजनिक कार्यक्रमों और औपचारिक मीडिया बातचीत से दूर रही हैं. उनका आगामी संबोधन पद छोड़ने के बाद से उनका सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपस्थिति है. इस निमंत्रण में कई बांग्लादेशी राजनीतिक नेताओं, राजनयिकों और सार्वजनिक हस्तियों के नाम शामिल हैं, जिनके हसीना के साथ कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है.

कार्यक्रम में शामिल होंगे बांग्लादेश की कई हस्तियां

उनमें हसीना के बेटे और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के पूर्व आईसीटी सलाहकार सजीब वाजेद जॉय; बांग्लादेश के पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नोवफेल और बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच के महासचिव महम्मद अली सिद्दीकी शामिल हैं और बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच USA के डायरेक्टर शाह मोहम्मद बख्तियार भी शामिल होंगे.

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता FCC साउथ एशिया और इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ प्रेस क्लब्स (IAPC) के प्रेसिडेंट डॉ वैल अव्वाद करेंगे।

हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का किया है ऐलान

हसीना के हटने के बाद से बांग्लादेश का राजनीतिक माहौल काफी बदल गया है. नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाला अंतरिम प्रशासन फरवरी 2026 के आम चुनाव के बाद खत्म हो गया, जिससे प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेतृत्व वाली सरकार का रास्ता साफ हुआ.

नए प्रशासन ने पिछली अवामी लीग सरकार के कई नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रखी है, जबकि कोर्ट की कार्रवाई लंबित होने तक देश के एंटी-टेररिज्म कानून के तहत पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर बैन लगा हुआ है. वहीं बांग्लादेश लगातार शेख हसीना के प्रत्यार्पण की मांग कर रही है.

हाल में शेख हसीना ने दिसंबर में देश लौटने का ऐलान किया था. शेख हसीना के बांग्लादेश वापसी के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है. इस कार्यक्रम के माध्यम से शेख हसीना भविष्य की योजनाओं का खुलासा कर सकती हैं.

ये भी पढ़ें-शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में हड़कंप, राष्ट्रपति को हटाने जा रही तारिक रहमान की सरकार

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.