आईपीएल 2026 सीजन खत्म हुए 2 महीने हो चुके हैं और अब खिलाड़ियों की ट्रेडिंग का मुद्दा छाया हुआ है. ऋषभ पंत और कुलदीप यादव को तो लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिट्लस ने ट्रेड कर लिया है. मगर सबसे बड़ा विषय हैं स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, जिनका मुंबई इंडियंस के साथ सफर खत्म माना जा रहा है. हार्दिक के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने की अटकलें और अफवाहें सबसे ज्यादा सामने आ रही हैं. चेन्नई ने तो पहले ही ऐसी खबरों को खारिज कर दिया था. अब हार्दिक की टीम मुंबई इंडियंस ने भी इन अटकलों का खंडन किया है.
मुंबई इंडियंस ने किया खबरों का खंडनदो साल तक मुबई इंडियंस से अलग रहने के बाद हार्दिक पंड्या ने फिर अपनी पुरानी टीम में वापसी की थी. मगर लगातार 3 सीजन तक टीम के कप्तान रहने के बावजूद वो मुंबई को पहले जैसी सफलता नहीं दिला सके. उनको लेकर टीम के अंदर और फैंस के बीच हमेशा बंटी हुई प्रतिक्रिया देखने को मिली है. खास तौर पर बीते सीजन में उनके और टीम के प्रदर्शन में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली, जिसके चलते हार्दिक और मुंबई का अलग होना तय है.
मगर हार्दिक किस टीम में जाएंगे, इसको लेकर अलग-अलग खबरें सामने आई हैं. चेन्नई के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स से भी उनका नाम जुड़ा है. इस मामले में चेन्नई ने तो पहले ही सभी रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया था. अब मुंबई ने भी ऐसे दावों का खंडन किया है. स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट में MI के प्रवक्ता के हवाले से बताया गया है कि किसी भी खिलाड़ी के ट्रेड को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है.
दोनों टीमों ने क्यों किया मना?अब सवाल ये है कि दोनों टीमों ने हार्दिक के ट्रेड को लेकर क्यों इनकार किया? आधिकारिक तौर पर CSK ने कुछ दिन पहले जो कहा था, मुंबई ने भी उसी तरह की बात दोहराई है. चेन्नई ने तब कहा था कि टीम ने पिछले सीजन की समीक्षा शुरू नहीं की और इसलिए हार्दिक पंड्या को लेकर सारे दावे गलत हैं. मुंबई ने भी अब इसी तर्ज पर अपना जवाब दिया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले सीजन के निराशाजन प्रदर्शन का रिव्यू अभी किया जा रहा है और टीम हर पहलू पर विचार कर रही है. इस प्रवक्ता ने ये भी कहा कि खिलाड़ियों के ट्रेड से जुड़ा कोई भी फैसला रिव्यू पूरा होने के बाद ही किया जाएगा.
कहीं इनकार की असली वजह ये तो नहीं?मगर अक्सर जैसा कि होता है, आधिकारिक बयान अंतिम सच्चाई नहीं होते. दोनों टीमों के इस डील से अभी तक इनकार करने की कई वजहें हैं. इसमें सबसे बड़ा मसला डील के स्वरूप को लेकर हो सकता है कि किस रकम पर ये डील होगी, क्या हार्दिक को ट्रेड करने के लिए CSK की ओर से मुंबई को उनकी फीस दी जाएगी या फिर CSK को एक-दो खिलाड़ी मुंबई भेजने पड़ेंगे? इस तरह के पहलुओं पर सहमति बनने तक अक्सर ऐसे इनकार किये जाते हैं.