कहते हैं पैसे में बड़ी ताकत होती है. ये चाहे तो किसी से कुछ भी करा सकता है. तो क्या भारतीय क्रिकेटरों को भी उसी पैसे के चलते IPL खेलने के दौरान फिटनेस की समस्या नहीं होती, जहां उन पर करोड़ों रुपये बरसते हैं? मगर जैसे ही वो इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखते हैं अनफिट हो जाते हैं? सवाल बड़ा है. लेकिन, ये सवाल बेवजह ही नहीं उठा है. बड़ी हैरानी की बात है कि IPL के लिए पूरे सीजन उपलब्ध रहने वाले खिलाड़ियों को टीम इंडिया में आते ही फिटनेस का डंक मार जाता है. हम ऐसा एक नहीं बल्कि भारतीय टीम के 9 खिलाड़ियों के उदाहरण के साथ आपको बताने जा रहे हैं.
हार्दिक पंड्या से जसप्रीत बुमराह तक सबका एक हालसबसे पहले हार्दिक पंड्या की ही बात कर लेते हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 में 14 में से 10 मुकाबले खेले. मगर IPL 2026 के खत्म होते ही अपनी इंजरी की समस्या को लेकर बैठ गए. नतीजा ये हुआ कि IPL 2026 के बाद टीम इंडिया ने वनडे और T20 मिलाकर 14 मुकाबले खेल लिए हैं, मगर हार्दिक पंड्या का उनमें से किसी में भी अता-पता नहीं. वो इंजरी के चलते बाहर बैठे हैं. हालांकि, अब खबर है कि वो अगली व्हाइट बॉल सीरीज से वापसी करते दिखेंगे.
जसप्रीत बुमराह का भी हार्दिक पंड्या जैसा ही हाल है. IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए 14 में से 13 मैचों में उपलब्ध रहे. मगर उसके बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी भी उन्हें अपने पहले मैच को खेलने का इंतजार है. श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट टीम में उनका चयन हुआ था, मगर आखिरी लम्हें पर सामने आई घुटने की इंजरी के चलते अब वो श्रीलंका भी नहीं जा रहे.
नीतीश रेड्डी हों या वरुण चक्रवर्ती, कहानी है एक जैसीनीतीश रेड्डी की हालत भी कुछ ऐसी ही है, जो IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए तो 14 में से 14 मैच खेलते दिखे मगर इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया से वो IPL 2026 के बाद अभी तक दूर ही हैं. उन्होंने भी IPL 2026 के बाद कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला. सनराइजर्स हैदराबाद के ही हर्ष दुबे ने IPL 2026 के बाद भारत के लिए इंटरनेशनल मैचों के नाम पर सिर्फ 2 वनडे खेले हैं.
इसी तरह चोट से जूझ रहे वरुण चक्रवर्ती ने भी IPL 2026 के बाद भारत के लिए सिर्फ 3 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. वहीं IPL 2026 में उन्होंने 11 मुकाबले KKR के लिए खेले थे. साई सुदर्शन ने IPL 2026 के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेला, मगर उसमें वो अनफिट हो गए. जबकि गुजरात टाइटंस के लिए IPL 2026 के 17 मैच खेलने के दौरान उन्हें एक बार फिर भी फिटनेस से संबंधित समस्या होती नहीं दिखी.
हर्षित राणा और प्रिंस यादव भी फिटनेस की फांस में फसेहर्षित राणा और प्रिंस यादव ने भी IPL 2026 के दौरान लगभग पूरे सीजन ही अपनी सेवाएं खुद की फ्रेंचाइजियों को दी. मगर उसके बाद टीम इंडिया से जुड़ने के साथ ही उनकी भी फिटनेस प्रॉब्लम शुरू हो गई.. हालांकि, ये दो वो खिलाड़ी हैं जिन्होंने बाकियों के मुकाबले ज्यादा मैच टीम इंडिया के लिए IPL 2026 के बाद खेले हैं.