Brezza vs Kiger, कम बजट में कौन सी SUV बेहतर?
हिमांशु सिंह August 03, 2026 10:42 PM

Maruti Brezza vs Renault Kiger: इन दिनों ऑटोमोबाइल मार्केट में सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट का जलवा खूब देखा जा रहा है. सड़को पर इस सेगमेंट की एसयूवी खूब देखने को मिल रही हैं. बता दें कि, सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में मुकाबला हमेशा से काफी दिलचस्प रहा है. जब बात एक कम बजट में दमदार और फीचर-लोड एसयूवी खरीदने की आती है. तो मारुति सुजुकी ब्रेजा और रेनो काइगर दो प्रमुख दावेदार बनकर सामने आती हैं. 

एक तरफ जहां मारुति ब्रेजा अपनी मजबूती, बड़े इंजन और जबरदस्त रीसेल वैल्यू के लिए जानी जाती है. वहीं रेनो काइगर अपने बेहद किफायती दाम, आकर्षक लुक और प्रैक्टिकल फीचर्स के दम पर ग्राहकों को लुभाती है. अगर आप भी इन दोनों कारों को लेकर उलझन में हैं और यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि आपके बजट में कौन सी गाड़ी ज्यादा बेहतर साबित होगी तो इस खबर में हम आपको दोनों कारों की हर एक खूबी और कमियों का सटीक हिसाब समझाने जा रहे हैं.

काइगर कीमत और बजट में आगे

बता दें कि, कम बजट की बात करें तो रेनो काइगर कीमत के मामले में ब्रेजा से काफी आगे निकल जाती है. रेनो काइगर की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 5.81 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 10.35 लाख रुपये तक जाती है. वहीं दूसरी तरफ मारुति सुजुकी ब्रेजा का बेस मॉडल ही करीब 8.30 लाख रुपये से शुरू होता है और इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 13.70 लाख रुपये के पार चली जाती है.

अगर आपका बजट काफी सीमित है और आप 7 से 9 लाख रुपये के ऑन-रोड बजट में एक बढ़िया लुक्स वाली एसयूवी चाहते हैं तो काइगर आपके जेब के हिसाब से बेहद मुफीद बैठती है.


EV की कीमत देखकर मत घबराइए, ये तरीका बचाएगा पैसे

परफॉर्मेंस में कौन बेहतर?

जबकि पावर और परफॉर्मेंस के मामले में दोनों गाड़ियां एक दूसरे से एकदम अलग है. मारुति ब्रेजा में 1.5-लीटर का 4-सिलेंडर K15C पेट्रोल इंजन दिया गया है. जो 102 bhp की पावर और रिफाइंड ड्राइविंग एक्सपीरियंस देता है. इसके साथ ही ब्रेजा में कंपनी-फिटेड सीएनजी का विकल्प भी मिल जाता है.

वहीं, दूसरी ओर रेनो काइगर में 1.0-लीटर का 3-सिलेंडर इंजन मिलता है जो नेचुरल एस्पिरेटेड 71 bhp और टर्बो-पेट्रोल 98.6 bhp दोनों ऑप्शन्स में आता है. अगर आपको हाईवे पर स्मूथ और दमदार ड्राइविंग चाहिए तो ब्रेजा का बड़ा इंजन ज्यादा बेहतर महसूस होता है.


केबिन फीचर्स और स्पेस

बता दें कि, कार के अंदर मिलने वाले स्पेस और फीचर्स की बात करें तो दोनों ही गाड़ियों में अपनी-अपनी खासियतें हैं. रेनो काइगर भले ही बाहर से थोड़ी कॉम्पैक्ट दिखे लेकिन इसमें 405 लीटर का विशाल बूट स्पेस मिलता है. जो ब्रेजा के 328 लीटर बूट स्पेस से काफी ज्यादा है. 

काइगर में आपको वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो/ऐप्पल कारप्ले, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और बढ़िया स्टोरेज स्पेस मिल जाता है. वहीं ब्रेजा का केबिन थोड़ा ज्यादा प्रीमियम लगता है जिसमें हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा, सनरूफ और वायरलेस चार्जिंग जैसे हाई-टेक फीचर्स दिए गए हैं.

कौन सी कार चुनें?

अब सबसे बड़ा सवाल यह आता है कि, इन दोनों में से गाड़ी कौन सी चुनें? तो बता दें कि, सुरक्षा के लिहाज से काइगर को 4-स्टार एडल्ट सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है. वहीं ब्रेजा सुजुकी के टीईसीटी प्लेटफॉर्म पर बनी है और अपनी मजबूती के लिए जानी जाती है. अगर आपकी प्राथमिकता कम शुरुआती कीमत, ज्यादा बूट स्पेस और किफायती मेंटेनेंस है तो रेनो काइगर आपके लिए सबसे बढ़िया विकल्प बनेगी.

लेकिन अगर आपका बजट थोड़ा ज्यादा है और आप एक पावरफुल इंजन, सीएनजी विकल्प, बेहतर रीसेल वैल्यू और मारुति का अटूट सर्विस नेटवर्क चाहते हैं, तो मारुति ब्रेजा पर दांव लगाना ज्यादा अक्लमंदी का सौदा रहेगा.

चलाने में कैसी है नई नवेली Toyota Hilux? यहां जानिए रिव्यू

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.