कर्नाटक कैबिनेट में नहीं मिली दिनेश गुंडू राव को जगह, पत्नी का फूटा गुस्सा
शैलजाकांत मिश्रा August 04, 2026 10:12 AM

कर्नाटक में कैबिनेट विस्तार को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो चुका है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद कर्नाटक कैबिनेट के 20 नए मंत्रियों की लिस्ट सामने आई है. सोमवार (3 अगस्त) शाम को नए मंत्रियों का शपथग्रहण होगा, इसी बीच मंत्रिमडल में जगह न मिलने पर विधायकों की नाराजगी भी खुलकर सामने आ रही है. कांग्रेस विधायक यशवंतरायगौड़ा वी. पाटिल ने कैबिनेट विस्तार से पहले इस्तीफा दे दिया तो राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव को मंत्रिमंडल में जगह न मिलने पर उनकी पत्नी ने हैरानी जताई और इस पर सवाल खड़े किए हैं.

सोशल मीडिया पोस्ट में दिनेश गुंडू राव की पत्नी ने लिखा, 'हमारे कुछ मित्र, अधिकारी, डॉक्टर और सबसे महत्वपूर्ण हमारे निर्वाचन क्षेत्र के लोग पूछ रहे हैं कि दिनेश गुंडू राव को मंत्रिमंडल में क्यों नहीं शामिल किया गया. वे एक कर्मठ मंत्री रहे हैं, जिन्होंने स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर बदलाव किए, पार्टी के सबसे बुरे दौर में भी वफादार रहे और छह बार विधायक रह चुके हैं.

राव ने आगे लिखा, 'वे उन गिने-चुने लोगों में से एक हैं, जिन्होंने पार्टी के काम को निष्ठापूर्वक निभाया! तो फिर उन्हें क्यों दरकिनार कर दिया गया? मेरा संक्षिप्त उत्तर है, मैं भी उतना ही हैरान हूं जितना आप. मनमर्जी से लोगों की बलि दी जाती है! आखिरकार बात जाति पर आकर रुक जाती है, काम पर नहीं! अफसोस!'

बयान से मची हलचल

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव की पत्नी के बयान से सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, इस मामले में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है. राजनीतिक गलियारों में कैबिनेट विस्तार और विभिन्न नियुक्तियों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है.

कैबिनेट विस्तार पर क्या बोले कर्नाटक CM?

उधर, मंत्रिमंडल विस्तार पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, 'विधायकों की संख्या बहुत अधिक है. सभी को समायोजित करना संभव नहीं है. पहले, सिद्धारमैया के मंत्रिमंडल में भी मुझे मंत्री पद नहीं मिला था, लेकिन क्या मैं बाद में मंत्री नहीं बना? इसी तरह, हम भविष्य में सभी को मौका प्रदान करेंगे. फिलहाल, मैं लोक भवन जा रहा हूं.'

'गंभीर अपराध में शामिल लोगों को नहीं मिलेगी राहत', NEET प्रोटेस्ट में हिंसा पर बोला SC

सामने आई 20 मंत्रियों की लिस्ट

पुत्तुरंगाशेट्टी, मंकला वैद्य, डॉ. अजय सिंह, एन. चालुवराय स्वामी, के.एम.शिवलिंगे गौड़ा, एच. सी. बालकृष्ण, गायत्री शांतेगौड़ा, बस्वराज रायरेड्डी, विजयानन्द कशप्पनवर,पी. एम. नरेन्द्रस्वामी, शिवराज तंगदागी, रुद्रप्पा लमानी, के.एस. बसवंतप्पा, बी. नागेन्द्र, टी. रघुमूर्ति, बी. ज़ेड ज़मीर अहमद खान, रिज़वान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा  और लक्ष्मण सावदी कर्नाटक सरकार में मंत्री बनेंगे. इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने जीएस पाटिल को कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष, एएस पोन्नान्ना को उपाध्यक्ष बनाए जाने की मंजूरी दी है.

RSS का बड़ा प्लान! 100 से ज्यादा शहरों के Gen Z से संवाद करेंगे भागवत

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.