iPhone 18 Prediction: Apple के लॉन्च से पहले ABP Live ने कुंडली के आधार पर नए फॉर्म फैक्टर, पुराने फीचर की वापसी और सोशल मीडिया पर बंटी हुई प्रतिक्रिया के संकेत दिए थे. लॉन्च के बाद Touch ID की वापसी से लेकर Boycott iPhone 18 की चर्चा तक कई बातें सही दिखाई दे रही हैं.
Apple ने 9 सितंबर 2026 को iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और अपना पहला फोल्डेबल फोन iPhone Duo पेश किया. लॉन्च के बाद डिजाइन, कीमत और AI फीचर्स की चर्चा तो हुई ही, सोशल मीडिया पर 'Boycott iPhone 18' की आवाज भी उठने लगी.
खास बात यह है कि Apple की घोषणा से पहले ही ABP Live ने अपनी लॉन्च कुंडली पर आधारित विश्लेषण- iPhone 18 पर टिकी दुनिया की नजर, Apple जिस फीचर को बताएगा खास उसी पर क्यों उठ सकते हैं सवाल में इन संभावनाओं के संकेत दिए थे. उस विश्लेषण में कहा गया था कि नया फॉर्म फैक्टर लॉन्च का सबसे बड़ा आकर्षण बनेगा, पुरानी पहचान लौट सकती है और सोशल मीडिया पर चर्चा बड़ी होगी, लेकिन जनता की राय एक जैसी नहीं रहेगी.
अब लॉचिंग के बाद ये पांच बातें सामने आई हैं-
1. फोल्डेबल डिजाइन बना लॉन्च का सबसे बड़ा आकर्षण
कुंडली में तुला लग्न और स्वराशि का शुक्र मालव्य महापुरुष योग बना रहा था. शुक्र डिजाइन, सुंदरता, स्क्रीन, रंग और लग्जरी उत्पादों का कारक माना जाता है. इसी आधार पर अनुमान लगाया गया था कि Apple का सबसे प्रभावशाली पक्ष फोन का लुक, डिस्प्ले या नया फॉर्म फैक्टर हो सकता है.
यह भी पढ़ें- iPhone 18 और लॉन्च डेट दोनों में 9 नंबर, Apple के लिए शुभ या खतरे की घंटी?
लॉन्च में iPhone Duo ने सबसे अधिक ध्यान खींचा. किताब की तरह खुलने वाला डिजाइन, बड़ी अंदरूनी स्क्रीन और टाइटेनियम हिंज इवेंट के मुख्य आकर्षण बने. इस तरह मजबूत शुक्र से मिला पहला संकेत सही साबित हुआ.
2. पुराने Touch ID की वापसी ने चौंकाया
लॉन्च के समय चंद्रमा मघा नक्षत्र में था. ज्योतिष में मघा को विरासत, पुराने गौरव और स्थापित पहचान से जोड़ा जाता है. भविष्यवाणी में संभावना जताई गई थी कि Apple अपनी किसी लोकप्रिय पुरानी पहचान को नए रूप में पेश कर सकता है.
iPhone Duo में साइड बटन के भीतर Touch ID देकर Apple ने पुराने फिंगरप्रिंट अनलॉक फीचर की वापसी करा दी. वर्षों से प्रीमियम iPhone की पहचान Face ID रही है. ऐसे में फोल्डेबल फोन में Touch ID लौटना मघा नक्षत्र से निकले संकेत का सबसे स्पष्ट मिलान माना जा सकता है.
3. AI फीचर तुरंत और सभी को नहीं मिलेगा
कुंडली में बुध कन्या राशि में उच्च का था, लेकिन द्वादश भाव में अस्त होकर वक्री शनि की दृष्टि में था. इसका अर्थ तकनीक का कमजोर होना नहीं, बल्कि उसकी पूरी क्षमता शुरुआत में उपलब्ध न होना बताया गया था.
ABP Live के ज्योतिष आधारित विश्लेषण में संकेत दिया गया था कि कोई चर्चित AI या सॉफ्टवेयर फीचर चुनिंदा देशों और भाषाओं तक सीमित रह सकता है या बाद में अपडेट के जरिए मिल सकता है.
Apple की नई AI आधारित Siri शुरुआत में बीटा रूप में और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी. दूसरी भाषाओं का सपोर्ट बाद में मिलेगा, जबकि कुछ क्षेत्रों में इसकी उपलब्धता सीमित रहेगी. इससे उच्च लेकिन बाधित बुध का संकेत भी सही दिखाई दिया.
4. कीमत और उपयोगिता पर शुरू हुए सवाल
पहले विश्लेषण का मुख्य सवाल था कि Apple जिस फीचर को सबसे खास बताएगा, क्या यूजर्स उसकी कीमत और रोजमर्रा की उपयोगिता से सहमत होंगे?
iPhone Duo को लॉन्च का सबसे बड़ा बदलाव बताया गया, लेकिन भारत में करीब 2,99,900 रुपये की शुरुआती कीमत ने बहस खड़ी कर दी. इसकी तुलना Samsung और दूसरे फोल्डेबल फोन से की जा रही है. यूजर्स पूछ रहे हैं कि क्या बड़ी फोल्डिंग स्क्रीन और मल्टीटास्किंग इतनी ऊंची कीमत को सही ठहराते हैं. यह वही कीमत और उपयोगिता वाली बहस है, जिसका संकेत पहले दिया गया था.
5. लॉन्च के साथ Boycott की चर्चा
कांगो के मुद्दों पर काम करने वाले Team Congo ने Instagram पर 'Why Boycott iPhone 18?' नाम से पोस्ट शेयर की. जलवायु कार्यकर्ता Greta Thunberg ने इसे अपनी Instagram Story पर साझा किया. हालांकि उन्होंने Apple के खिलाफ अपनी ओर से कोई अलग बयान जारी नहीं किया.
Team Congo का आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक सामान में इस्तेमाल होने वाले खनिजों के गैरकानूनी कारोबार से कांगो में हथियारबंद गुटों को फायदा मिलता है. समूह लोगों से फोन लंबे समय तक इस्तेमाल करने और बिना जरूरत नया डिवाइस न खरीदने की अपील कर रहा है. Apple इन आरोपों से इनकार करता है.
लॉन्च कुंडली में जनता का कारक चंद्रमा केतु से केवल 20 कला की दूरी पर था. केतु दूरी, अस्वीकार और बहिष्कार का संकेत देता है. यह युति एकादश भाव में थी, जो समूहों, नेटवर्क और सोशल मीडिया अभियानों से जुड़ा है. यही भाव 9.13 रूप के साथ कुंडली में सबसे मजबूत भी था.
हालांकि विश्लेषण में किसी खास बॉयकॉट अभियान या Greta Thunberg का अनुमान नहीं लगाया गया था. लेकिन वैश्विक सोशल मीडिया शोर, संगठित विरोध और बंटी हुई जन-प्रतिक्रिया के जो संकेत दिए गए थे, 'Boycott iPhone 18' की चर्चा उनसे स्पष्ट रूप से मेल खाती है.
यह भी पढ़ें- 'iPhone 18 बॉयकॉट करो, क्योंकि...', एप्पल के नए फोन पर भड़कीं ग्रेटा थनबर्ग
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.