10 वीं बार फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, सेमीफाइनल में बांग्लादेश को चटाई धूल
मोहम्मद अलफैज September 11, 2026 03:42 PM

भारतीय टीम ने 2026 महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटवा लिया है. टीम 10वीं बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. गुरुवार (10 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करने के बाद 20 ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बनाए. टीम के लिए शेफाली वर्मा ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 40 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. इस पारी में बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने खाते में डाले. 

चेज के लिए उतरी बांग्लादेश की शुरुआत ज्यादा कुछ खास नहीं रही, लेकिन टीम का अंत और भी खराब हुआ. टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी. टीम के लिए शोर्ना अख्तर सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 22 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 चौका और 1 छक्का निकला. मैच की दूसरी पारी में भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. 

चेज में इस तरह फ्लॉप हुई बांग्लादेश 

रनों का पीछा करते हुए टीम को पहला झटका 26 रन पर जुवैरिया फिरदौस के रूप में लगा. इसके बाद टीम ने दूसरा विकेट 35 रन पर ही गंवा दिया. इसके बाद कुछ देर पारी संभली. फिर 66 रन पर टीम को तीसरा, 76 रन पर चौथा, 83 रन पर पांचवां, 109 रन पर छठा और 109 रन पर ही सातवां झटका लगा.

शोर्ना अख्तर के अलावा बांग्लादेश के लिए दिलारा अख्तर ने 21 रन, जुवैरिया फिरदौस ने 14 रन, शोभना मोस्तरी ने 18 रन, कप्तान निगरा सुल्तान ने 19 रन, शर्मिन अख्तर ने 01 रन और फातिमा खातून ने 14 रन बनाए. बाकी राबिया खान बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं.

ऐसा रहा भारतीय बल्लेबाजों का स्कोर

टीम इंडिया के लिए शेफाली वर्मा के अलावा बाकी बल्लेबाज लगभग फ्लॉप ही दिखीं. ओपनिंग पर उतरी स्मृति मंधाना सिर्फ 02 रन पर आउट हुईं. इसके अलावा प्रतिका रावल ने 20 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24 रन, ऋचा घोष ने 21 रन और दीप्ति शर्मा ने 13 रन बनाए. भारती फुलमाली तो बिना खाता खोले ही रन आउट के जरिए पवेलियन लौटीं.

 

IND vs AFG T20I: दुबे-अभिषेक ने बरसाए छक्के, यॉर्कर पर अर्शदीप का खास जोर

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.