फोन चोरी होने पर सबसे बड़ी चिंता उसमें मौजूद डेटा और फोन की लोकेशन को लेकर होती है. हालांकि Realme, Oppo और OnePlus यूजर्स अपने फोन में मौजूद कुछ खास सेटिंग्स की मदद से चोरी के बाद डिवाइस को ट्रैक करना आसान बना सकते हैं. इन तीनों ब्रांड्स के यूजर इंटरफेस में ज्यादा अंतर नहीं है. इसलिए ColorOS, OxygenOS और Realme UI वाले फोन में कुछ जरूरी सिक्योरिटी फीचर्स आसानी से इनेबल किए जा सकते हैं.
इन सेटिंग्स को ऑन करने के बाद चोर के लिए फोन को बंद करना मुश्किल हो जाएगा. इससे डिवाइस को ट्रैक करने और उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिल सकती है. तो आइए जानते हैं कि फोन चोरी हुआ तो भी डेटा कैसे सुरक्षित रहेगा और Realme Oppo OnePlus में कौन-से फीचर्स ऑन करें.
फोन चोरी हुआ तो भी डेटा कैसे सुरक्षित रहेगा?
स्मार्टफोन चोरी होने की स्थिति में उसे ट्रैक करना आसान बनाने के लिए Android 13 या इससे ऊपर वाले फोन में कुछ सिक्योरिटी फीचर्स दिए गए हैं. Realme, Oppo और OnePlus के फोन में ColorOS, OxygenOS या Realme UI के जरिए इन सेटिंग्स को एक्टिव किया जा सकता है. इन फीचर्स की मदद से फोन को बिना पासवर्ड बंद करना मुश्किल होगा और डिवाइस की लोकेशन पता लगाने में मदद मिल सकती है.
Realme Oppo OnePlus में कौन-से फीचर्स ऑन करें?
1. Required Password to Power Off - Required Password to Power Off फीचर ऑन करने के बाद फोन को स्विच ऑफ करने के लिए पासवर्ड डालना जरूरी होगा. इसका फायदा यह है कि अगर फोन चोरी हो जाता है तो चोर उसे तुरंत बंद नहीं कर पाएगा. फोन चालू रहने पर उसे ट्रैक करने की संभावना बनी रहती है.
इस सेटिंग को ऑन करने के लिए सबसे पहले फोन की Settings में जाएं. इसके बाद Security and Privacy पर टैप करें. अब More Security and Privacy ऑप्शन खोलें. यहां Required Password to Power Off का ऑप्शन दिखाई देगा. इस पर टैप करके टॉगल ऑन कर दें. इसके बाद बिना पासवर्ड के फोन को बंद करना संभव नहीं होगा.
यह भी पढ़ें - GalaxEye की सैटेलाइट इमेजिंग टेक्नोलॉजी को US पेटेंट, जानें खासियत
2. Find My Device - फोन चोरी या गुम होने पर उसकी लोकेशन पता करने के लिए Find My Device फीचर का एक्टिव होना जरूरी है. यह सेटिंग Android स्मार्टफोन को ट्रैक करने में मदद करती है. इसे ऑन करने के लिए फोन की Settings खोलें और Security and Privacy पर जाएं. इसके बाद Device Finders ऑप्शन पर टैप करें.
अब Find your offline devices ऑप्शन खोलें. अगले पेज पर With Network in all areas ऑप्शन को सेलेक्ट करें. इस सेटिंग के ऑन होने के बाद फोन को ट्रैक करना आसान हो सकता है. अगर डिवाइस चोरी हो जाता है, तो इसकी मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा आप संचार साथी वेबसाइट पर जाकर फोन का IMEI नंबर ब्लॉक भी करा सकते हैं.
यह भी पढ़ें - DSLR जैसा पोर्ट्रेट चाहिए? 2026 के ये कैमरा फोन हैं खास