रविवार को खेले गए पहले टी20 मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. टीम इंडिया ने बेहद आसान जीत दर्ज की, जहां उसने 38 गेंद शेष रहते 157 रनों के लक्ष्य को चेज कर दिया. भारतीय टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने 32 गेंद में 82 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन दूसरी ओर संजू सैमसन केवल 10 रन बनाकर आउट हो गए. इस खराब प्रदर्शन के कारण सैमसन और टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर सवाल खड़े होने लगे हैं.
एक तरफ मोहम्मद कैफ का कहना है कि संजू सैमसन आखिर प्लेइंग इलेवन में फिट कैसे हुए. वहीं जब वैभव सूर्यवंशी ने कोई गलती की ही नहीं, तो उन्हें बाहर क्यों किया गया. दूसरी ओर आकाश चोपड़ा ने कहा कि पहले टी20 मैच से पूर्व वह सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका देने के समर्थन में थे, लेकिन सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो जाने से सैमसन पर दबाव बढ़त चला जाएगा. क्योंकि टीम मैनेजमेंट के लिए वैभव को ज्यादा समय तक बाहर बैठाना काफी मुश्किल काम होगा. खासतौर पर तब जब वैभव का जिम्बाब्वे दौरा बहुत अच्छा गुजरा हो.
क्रिकबज पर एक चर्चा के दौरान मोहम्मद कैफ ने कहा कि संजू ने ऐसा किया ही क्या है, जिससे उन्हें पहले टी20 में खिलाया गया. बताते चलें कि सैमसन ने अपनी पिछली 5 पारियों में सिर्फ 43 रन बनाए हैं.
कैफ ने कहा, "संजू ने ऐसा क्या किया, जिससे उन्हें पहला टी20 खेलने को मिला. जब आप टीम से ड्रॉप होते हैं, तब आप फॉर्म में वापसी के लिए अलग-अलग टूर्नामेंट में खेलते हैं, लेकिन सैमसन के केस में ऐसा कुछ नहीं हुआ."
कैफ ने सवाल उठाए कि जब वैभव के लिए जिम्बाब्वे दौरा अच्छा गया हो, तो अभिषेक और सूर्यवंशी की जोड़ी पर विश्वास क्यों नहीं दिखाया गया. कैफ ने मैनेजमेंट पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अभी तक पता ही नहीं है कि उनका बेस्ट ओपनिंग कॉम्बिनेशन क्या है.
'फर्क नहीं पड़ता...', मोहसिन नकवी से ट्रॉफी ना लेने पर आया BCCI का रिएक्शन
अफगानिस्तान सीरीज शुरू होने से पहले आकाश चोपड़ा ने कहा था कि संजू सैमसन को जिम्बाब्वे सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया था. अब जब उनकी स्क्वाड में वापसी हुई है तो सैमसन से ही ओपनिंग करवानी चाहिए. मगर पहले टी20 में सैमसन के 10 रन पर आउट होने के बाद चोपड़ा के सुर बदले नजर आ रहे हैं.
अपने यूट्यूब चैनल पर आकाश चोपड़ा ने कहा, "मेरा ध्यान एक ही खिलाड़ी पर था, वो थे संजू सैमसन. क्योंकि हम अब तक कहते आए हैं कि उनके साथ गलत हुआ है. आपने वर्ल्ड कप जीता, लेकिन 2 पारियों में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया."
आकाश चोपड़ा ने संजू सैमसन को रिएलिटी चेक देते हुए बताया कि यहां से एक-एक पारी का हिसाब रखा जाएगा क्योंकि जिम्बाब्वे में अच्छा करने के बावजूद वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठाया गया है. आकाश ने कहा कि सैमसन के सामने अब ज्यादा मौके नहीं हैं, क्योंकि वैभव को ज्यादा समय तक बाहर बैठाना मैनेजमेंट पर भी दबाव बढ़ाने के समान होगा.
अभिषेक शर्मा ने पहले T20 में तोड़े 3 बड़े रिकॉर्ड, भारतीयों में बने नंबर-1