सुनीता विलियम्स को अंतरिक्ष में छोड़ स्पेस स्टेशन से वापस लौटा Starliner, पृथ्वी पर हुई सुरक्षित लैंडिंग
Times Now Navbharat September 08, 2024 05:42 AM

Boeing Spacecraft Starliner: अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक ले जाने वाला स्पेसक्राफ्ट धरती पर वापस लौट आया है। इसकी वापसी बिना अंतरिक्ष यात्रियों के हुई। यह स्पेसक्राफ्ट आज सुबह 9.31 बजे न्यू मेक्सिको के व्हाइट सैंड्स स्पेस हार्बर में उतरा। इस लैंडिंग पर दुनिया भर की नजरें टिकी हुई थीं।

जानकारी के मुताबिक, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के हार्मोनी मॉड्यूल से अलग होने के बाद स्टारलाइनर ने 8.58 मिनट पर अपना डीऑर्बिट बर्न पूरा किया। इसके बाद जमीन पर लैंड होने में इसे 44 मिनट का वक्त लगा। बता दें, बोइंग का स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को जून के पहले सप्ताह में अंतरिक्ष में ले गया था। इसके बाद इसमें तकनीकी समस्या आ गई, जिसके बाद दोनों अंतरिक्ष यात्री इंटरनेशन स्पेस स्टेशन में ही फंस गए और उनकी धरती पर वापसी नहीं हो सकी, जिसके बाद नासा (NASA) ने बिना क्रू के ही स्टारलाइनर को धरती पर वापस लाने की योजना बनाई है और यह प्रक्रिया देर रात शुरू कर दी गई।

यहां देखें Starliner की वापसी का वीडियो:



धरती के चक्कर काटकर लौटा
जानकारी के मुताबिक, स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट धरती के चक्कर काटकर वापस लौटा। लैंडिंग को नासा ने लाइव प्रसारित किया। जिसे नासा के यूट्यूब, एप और वेबसाइट पर देखा जा सकता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, भारतीय समयानुसार देर रात करीब 3:30 बजे स्टारलाइनर कैप्सूल को स्पेस स्टेशन से अलग किया गया, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हुई।

स्पेसक्राफ्ट में हीलियम हुआ था लीक
स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से दोनों अंतरिक्ष यात्री 5 जून को 8 दिन के मिशन पर गए थे। हालांकि, कैप्सूल के थ्रस्टर में समस्या और हीलियम लीक के कारण दोनों वहीं फंस गए। स्टारलाइन की लैंडिंग के बाद नासा और बोईंग के वैज्ञानिक इसे वापस असेंबली यूनिट में ले जाएंगी। यहां पर यह पता लगाया जाएगा कि आखिर हीलियन लीक का कारण क्या था, जिससे सुनीता विलियम्स और बुच को समस्या का सामना करना पड़ा।

© Copyright @2024 LIDEA. All Rights Reserved.