बागेश्वर बाबा के बयान से फिर बवाल, धीरेन्द्र शास्त्री की महाकुंभ की मौतों पर विचित्र टिप्पणी
Webdunia Hindi February 01, 2025 05:42 AM


Dheerendra Shastri controversial remarks: बागेश्वर धाम के मुखिया पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के बयान से एक बार फिर बवाल खड़ा हो गया है। दरअसल, धीरेन्द्र शास्त्री ने महाकुंभ में भगदड़ के दौरान हुई मौतों को लेकर बड़ा ही विवादित बयान दिया है। इस बयान को बहुत ही संवेदनहीन माना जा रहा है। शास्त्री ने कहा कि गंगा के किनारे जो मरेगा वह मोक्ष को जाएगा। ALSO READ:

मौत नहीं मोक्ष : पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि मृत्यु तो सबको आनी है, आपको मरना है, हमें भी मरना है। लेकिन, गंगा किनारे जो मरेगा वह तो मोक्ष ही पाएगा। उन्होंने कहा कि हादसा दुखद है। यहां कोई भी मरा नहीं है। हां, कुछ लोग असमय चले गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बात तय है कि जाना सबको है। कोई 20 साल बाद जाएगा तो कोई 30 साल बाद जाएगा। इस बात का दुख है कि वे असमय चले, लेकिन उनकी मृत्यु नहीं हुई है, उन्हें मोक्ष मिला।

हालांकि उन्होंने कहा कि शिव और शव टिप्पणी का विषय नहीं हैं। यह जग हंसाई का विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी कहा था कि लोग सावधान रहें, सजगं रहें। सामान्य दिनों में आए। तन बचेगा तो देश बचेगा। आप सुरक्षित रहेंगे तो ही देश सुरक्षित रहेगा। हालांकि उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सिचुएशन को कंट्रोल कर लिया था।

जो नहीं आएगा, वह पछताएगा : उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी महाकुंभ को लेकर धीरेन्द्र शास्त्री का बयान काफी वायरल हुआ था। उन्होंने कहा था कि हिन्दू महाकुंभ में नहीं जाएगा वह पछताएगा। ऐसा व्यक्ति देशद्रोही कहलाएगा। महाकुंभ में अव्यवस्था से जुड़े एक सवाल के जवाब में बागेश्वर बाबा ने कहा कि जिनमें विरोध का कीड़ा नहीं है, उन्हें महाकुंभ में सिर्फ व्यवस्था और आस्था ही नजर आ रही है।

जिन लोगों के मन में आस्था नहीं है, उन्हें अव्यवस्था नजर आ रही है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब बागेश्वर बाबा ने इस तरह का बयान दिया है। इससे पहले भी साध्वियों और कुछ लड़कियों के वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने कहा था कि कुंभ अपने मकसद से भटक गया है।

Edited by: Vrijendra Singh Jhala


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.