Naxalite : चारों तरफ से घेराबंदी फिर किया हमला, 30 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने ऐसे किया ढेर
Webdunia Hindi March 21, 2025 02:42 AM

naxalite encounter in dantewada bijapur border : छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए। इस घटना में एक जवान की भी मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मीडिया खबरों के मुताबिक घेराबंदी नक्सलियों को ढेर किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में तथा कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया। उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले में 26 नक्सली मारे गए और एक जवान की भी मृत्यु हो गई, जबकि कांकेर जिले में चार अन्य नक्सली मारे गए।

उन्होंने बताया कि बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में गंगालूर थाने से नक्सल रोधी अभियान पर सुरक्षाबलों के एक संयुक्त दल को रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह सात बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार गोलीबारी जारी है।

ALSO READ:

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 26 नक्सलियों के शव बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरज) के एक जवान की भी मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और खोजी अभियान जारी है।

कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि आज सुबह कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर जंगल में एक और मुठभेड़ हुई, जब डीआरजी और सीमा सुरक्षा बल का एक संयुक्त दल नक्सल रोधी अभियान पर निकला था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद चार नक्सलियों के शवों के अलावा स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों मुठभेड़ स्थलों पर तलाशी अभियान जारी है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इसे नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया। शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध ‘रुथलेस अप्रोच’ (बिना कोई रहम किए) से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सल-मुक्त होने वाला है।’’

वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिखा है, ''क्रूर, निरंकुश नक्सलवाद का अंत उचित है, भयमुक्त होगा बस्तर 2026 तक, यह सुनिश्चित है....प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध हमारी लड़ाई मजबूती से जारी है। आज सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बीजापुर-गंगालूर में नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में डीआरजी के जवान के शहीद होने की भी दुःखद खबर है। उनकी यह शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।''

साय ने लिखा है, ''यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के, मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए, सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं।''

छत्तीसगढ़ में इस मुठभेड़ के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 113 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 97 बस्तर संभाग में बीजापुर और कांकेर जिलों सहित सात जिलों में मारे गए। इनपुट एजेंसियां

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.