ALSO READ:
उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले में 18 नक्सली मारे गए वहीं 1 जवान की भी मौत हो गई, जबकि कांकेर जिले में चार अन्य नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को गंगालूर थाना से नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह 7 बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी जारी है।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 18 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इस घटना में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और खोजी अभियान जारी है। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि सुबह कांकेर और नारायणपुर जिलों की सीमा पर जंगल में एक और मुठभेड़ हुई, जब डीआरजी और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर थी।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद चार नक्सलियों के शवों के अलावा स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए। इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 105 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से 89 नक्सली बस्तर संभाग में बीजापुर और कांकेर सहित सात जिलों में मारे गए। इनपुट एजेंसियां