बूंदी न्यूज़ डेस्क - बूंदी में खेत विवाद को लेकर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, आठ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों ने खेत में काम कर रहे लोगों पर लाठी, पाइप और कुल्हाड़ी से हमला किया था। जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर को नवल कंवर, तेजबाई, छीतर लाल और भंवर लाल खेत में काम कर रहे थे।
इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे महादेव, रंगलाल, धर्मराज समेत 11 लोग लाठी, पाइप और कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित भागे तो उन्हें ट्रैक्टर लगाकर रोका गया। इस हमले में चारों लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी राजेंद्र कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा और वृत्ताधिकारी अरुण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गवाहों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थानाधिकारी रमेशचंद आर्य की टीम ने नीम का खेड़ा निवासी रामराज (22), हनुमान (21) और धर्मराज (32) को हिरासत में लिया है। अन्य आठ आरोपियों की तलाश जारी है। सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच जारी है।