उन्होंने कहा कि अमरावती सिर्फ एक शहर नहीं है, बल्कि यह आंध्र प्रदेश को एक विकसित राज्य में बदलने की शक्ति है। उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नीत राजग सरकार के नेतृत्व वाले इस दक्षिणी राज्य के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। नायडू के नेतृत्व वाली तेदेपा केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की प्रमुख सहयोगी है।
ALSO READ:
प्रधानमंत्री मोदी ने 94 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें राजधानी शहर के संस्थान, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे उन्नयन और रक्षा संबंधी प्रतिष्ठान शामिल हैं। इस अवसर पर मोदी ने घोषणा की कि वह मुख्यमंत्री नायडू के निमंत्रण पर 21 जून को राज्य में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे।
उन्होंने कहा, आज 60,000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। ये परियोजनाएं सिर्फ कंक्रीट की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि ये आंध्र प्रदेश और विकसित भारत की महत्वाकांक्षाओं का मजबूत आधार हैं। प्रधानमंत्री ने 5,028 करोड़ रुपए की लागत वाली नौ केंद्रीय परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी, जिनमें कृष्णा जिले के नागयालंका में डीआरडीओ का मिसाइल परीक्षण केंद्र (1,459 करोड़ रुपए), वाइजैग में एकता मॉल (100 करोड़ रुपए), गुंटकल-मल्लप्पा गेट रेल ओवरब्रिज (293 करोड़ रुपए) और छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं (3,176 करोड़ रुपए) शामिल हैं।
ALSO READ:
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के वैज्ञानिक समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि हमने डीआरडीओ की नई मिसाइल परीक्षण रेंज की आधारशिला रखी है। नागयालंका में बनने जा रही नवदुर्गा टेस्टिंग रेंज, मां दुर्गा की तरह देश की रक्षा क्षमताओं को शक्ति देगी।
उन्होंने कहा, आज भारत की ताकत सिर्फ हमारे हथियार ही नहीं हैं, बल्कि हमारी एकता भी है। एकता का यही भाव, हमारे एकता मॉल में मजबूत होता है। देश के अनेक शहरों में एकता मॉल बनाए जा रहे हैं। मुझे खुशी है कि अब विशाखापत्तनम में भी एकता मॉल बनेगा। इस एकता मॉल में, देशभर के कारीगरों, हस्तशिल्पियों के बने प्रोडक्ट्स एक ही छत के नीचे मिलेंगे। ये भारत की विविधता से सबको जोड़ेगा। एकता मॉल से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना भी और अधिक मजबूत होगी।
अमरावती के निर्माण को फिर से शुरू करने के हिस्से के रूप में, प्रधानमंत्री ने 49,000 करोड़ रुपए की 74 परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिसमें विधानसभा, सचिवालय और उच्च न्यायालय भवनों और न्यायिक आवासीय क्वार्टर के साथ-साथ 5,200 परिवारों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है।
ALSO READ:
उन्होंने कहा कि अमरावती एक ऐसा शहर होगा, जहां आंध्र प्रदेश के हर नौजवान के सपने साकार होंगे। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आने वाले वर्षों में यह सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, स्वच्छ उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा।
उन्होंने बुनियादी ढांचे और बाढ़ शमन परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिसमें नए राजधानी शहर में भूमिगत उपयोगिताओं और उन्नत बाढ़ प्रबंधन प्रणालियों के साथ 320 किलोमीटर लंबा विश्व स्तरीय परिवहन नेटवर्क शामिल है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 254 करोड़ रुपए की तीन रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अलावा, मोदी ने 3,860 करोड़ रुपए की आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सहित अन्य लोग उपस्थित थे। उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नीत राजग सरकार के 2047 तक राज्य को 2.4 हजार अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदलने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा, हम सभी जानते हैं कि इंद्रलोक की राजधानी का नाम अमरावती था और अब अमरावती आंध्र प्रदेश की राजधानी है। यह महज संयोग नहीं है। स्वर्णआंध्र के निर्माण के लिए यह एक अच्छा संकेत है।
ALSO READ:
उन्होंने कहा कि स्वर्णआंध्र विकसित भारत के मार्ग को मजबूत करेगा और अमरावती इसके नजरिए को ऊर्जा देगा। मोदी ने कहा, मैं आंध्र प्रदेश के लोगों और यहां बैठे अपने सहयोगियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आप आंध्र प्रदेश के विकास के लिए मुझे हमेशा अपने साथ पाएंगे।
इसके अलावा, एनटीआर के नाम से लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री एन.टी. रामाराव का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने विकसित आंध्र प्रदेश का सपना देखा था। मोदी ने कहा, हमें अमरावती को, आंध्र प्रदेश को विकसित भारत का विकास इंजन बनाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा, हमने एनटीआर का सपना पूरा कर दिया है। चंद्रबाबू, भाई पवन कल्याण, हमें यह करना है और हमें ही यह करना है। मोदी ने कहा कि भारत अब उन देशों में शामिल है जहां बुनियादी ढांचे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण चार स्तंभों (गरीब, किसान, युवा और महिला शक्ति) पर किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2009 से 2014 के बीच आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का संयुक्त रेल बजट 900 करोड़ रुपए से कम था, जबकि आज अकेले आंध्र प्रदेश का रेल बजट 9,000 करोड़ रुपए से अधिक है। जिन छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की उन्होंने आधारशिला रखी उनमें राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न खंडों का चौड़ीकरण, एलिवेटेड कॉरिडोर, हाफ क्लोवर लीफ और रोड ओवरब्रिज का निर्माण शामिल है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour