न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने 2025-26 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है। इस सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में कई नए चेहरे भी देखने को मिले हैं। इसमें भारतीय मूल के खिलाड़ी आदि अशोक भी शामिल हैं। आदि अशोक ने न्यूजीलैंड के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया है। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए अब तक सिर्फ 3 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। आदि अशोक को मिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट इस युवा खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड टीम के लिए अब तक दो वनडे और एक टी20 मैच खेला है। आदि अशोक ने दो वनडे में 10 रन बनाए हैं जबकि उन्होंने एक विकेट भी लिया है। टी20 फॉर्मेट की बात करें तो इस युवा खिलाड़ी ने एक मैच में 28 की औसत से एक विकेट लिया है। न्यूजीलैंड ने इस साल के कॉन्ट्रैक्ट में 4 नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। आदि अशोक के अलावा इस लिस्ट में मिच हे, मुहम्मद अब्बास और जैक फॉक्स भी शामिल हैं। इस बार 20 खिलाड़ियों की लिस्ट में पिछले सीजन के चार कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ी टिम साउथी, ईश सोढ़ी, एजाज पटेल और जोश क्लार्कसन शामिल नहीं हैं।
आदि अशोक ने किया बड़ा खुलासा
युवा स्पिनर आदि अशोक ने कहा, "जब मैं 4 साल का था, तब मेरा परिवार न्यूजीलैंड आया था। तब से मैं न्यूजीलैंड को अपना घर कहता हूं। न्यूजीलैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना हमेशा से मेरा सपना रहा है।"
भारतीय मूल के आदि अशोक ने 2023 में डेब्यू के बाद पहली बार टीम में वापसी की है। वहीं, मिच हे और मोहम्मद अब्बास ने शानदार प्रदर्शन के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। हे ने नवंबर में श्रीलंका दौरे पर अपने टी20 डेब्यू के दौरान छह विकेट लेकर विकेटकीपिंग का विश्व रिकॉर्ड बनाया, जबकि अब्बास ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू में महज 26 गेंदों पर 52 रन बनाकर इतिहास रच दिया।
2025-26 के लिए न्यूजीलैंड केंद्रीय अनुबंध सूची
मुहम्मद अब्बास, आदि अशोक, टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, विलियम ओ'रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, विल यंग।