Sikkim Weather: बारिश व भूस्खलन के कारण लाचेन में फंसे 113 पर्यटकों तक पहुंची सेना
sabkuchgyan June 04, 2025 04:27 PM

Sikkim Weather: बारिश व भूस्खलन के कारण लाचेन में फंसे 113 पर्यटकों तक पहुंची सेना

Sikkim Flood & Landslides, (News), गंगटोक: सिक्किम के मंगन जिले में भारी बारिश के कारण हुए कई भूस्खलनों के बाद लाचेन में फंसे 113 पर्यटकों तक सेना पहुंच गई है। एक आधिकारिक बयान में आज यह जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि सेना के जवानों ने लाचेन गांव तक पैदल मार्ग बनाया है जो भारी बारिश के बीच हुए कई भूस्खलनों के कारण पूरी तरह से कट गया है।

छतेन में भूस्खलन के बाद लापता छह लोगों की तलाश जारी

आधिकारिक बयान में बताया गया है कि लाचेन गांव में पिछले कुछ दिन से फंसे पर्यटकों को जल्द ही निकाला जाएगा। इसके अलावा यह भी बताया गया है कि एक जून को मंगन जिले के ही छतेन में एक सैन्य शिविर पर भूस्खलन के बाद लापता छह लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान भी जारी है।

लाचुंग और चुंगथांग से 1678 पर्यटकों को बचाया गया

बयान में कहा गया है कि भारतीय सेना के जवान स्थानीय लोगों और उत्तरी सिक्किम में फंसे पर्यटकों की सहायता के लिए चरम मौसम की स्थिति और खतरनाक इलाकों में लगातार काम कर रहे हैं। दो दिन पहले लाचुंग और चुंगथांग से कम से कम 1,678 पर्यटकों को बचाया गया, जबकि कुछ विदेशियों और सशस्त्र बलों के परिवार के सदस्यों सहित 34 अन्य को सफलतापूर्वक हवाई मार्ग से निकाला गया।

छतेन में बचाव अभियान में कई बाधाएं

हालांकि, एक अधिकारी ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित छतेन में लापता छह लोगों का तलाशी अभियान बेहद खराब मौसम की स्थिति, अस्थिर जमीन और चुनौतीपूर्ण उच्च ऊंचाई वाले इलाके के कारण बाधित हुआ है। उन्होंने कहा कि सेना ने आॅपरेशन के लिए विशेष टीमों और इंजीनियरिंग उपकरणों को तैनात किया है।

आज भी आंधी और भारी बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए भी सिक्किम में आंधी और भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। लोगों को सावधान रहने को कहा गया है क्योंकि दिन में एक या दो बार तेज बारिश होने की संभावना है। इसमें कहा गया है कि गंगटोक, मंगन, नामची, पाकयोंग और सोरेंग जिलों में खराब मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें : Sikkim Landslide: मंगन जिले के छतेन में भूस्खलन, 3 सैन्यकर्मियों की मौत, 6 लापता

  • टैग

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.