राजस्थान के बांसवाड़ा के दानपुर और आंबापुरा थाना क्षेत्र के बीच सजवानिया गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक शव मिला। गड्ढे में दबे शव के हाथ-पैर बाहर से दिखाई दे रहे थे। हालात देख पुलिस भी दंग रह गई। फिलहाल शव को निकालकर एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
नहीं हो सकी पहचान
शव की पहचान नहीं हो सकी। डीएसपी गोपीचंद मीना ने बताया कि बाड़ी सरपंच ने सूचना दी थी कि बाड़ी और सजवानिया दोनों गांवों के बीच वन भूमि है, जहां एक महिला का शव पड़ा है। दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
गड्ढे में मिला शव
वन भूमि में पानी जमा करने के लिए छोटे-छोटे गड्ढे बनाए जाते हैं। इन्हीं में से एक गड्ढे में शव दबा हुआ था। संभव है कि कुत्ते या किसी अन्य जानवर ने शव को बाहर खींचने का प्रयास किया हो। एक हाथ और एक पैर बाहर निकला। ग्रामीणों की मौजूदगी में मिट्टी हटाकर शव को बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण उसे एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मौके पर एफएसएल ने साक्ष्य जुटाए हैं।
गला घोंटकर हत्या
यह शव करीब 4-5 दिन पुराना है। जीभ बाहर निकली हुई थी। इससे पता चलता है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है। शव के कुछ हिस्से जमीन में दबे होने के कारण क्षत-विक्षत हो गए हैं। हालांकि शव पर मिले कपड़े पूरी तरह से फटे नहीं थे।
महिला स्थानीय है
पुलिस के अनुसार शव पर स्थानीय परिधान है। महिला ने ब्लाउज और लहंगा पहना हुआ था। गले में सामान्य चेन है, जबकि हाथ-पैरों में धागे बंधे हुए हैं। स्थानीय स्तर पर इस तरह के परिधान प्रचलित हैं। उम्र करीब 25 से 30 वर्ष आंकी जा रही है।