Weather Alert: राजस्थान के 4 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी! 45 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा, धूप से उबल रही राजधानी
aapkarajasthan June 07, 2025 04:42 PM

राजस्थान में आंधी-बारिश थमने के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 8 जून से प्रदेश में यलो अलर्ट जारी कर गर्मी के और तीखे होने, पारा 45 डिग्री के पार होने, लू चलने की संभावना जताई है। वहीं, शुक्रवार को कोटा, जयपुर, गंगानगर, चूरू समेत कई शहरों में दिन के तापमान में 2 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

बाड़मेर में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री पहुंचा

पिछले 24 घंटों के दौरान कोटा संभाग को छोड़कर शेष सभी जिलों में आसमान साफ रहा। दिन में धूप खिली रही। कुछ जिलों में तेज गर्मी के कारण तापमान 43 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक गर्मी बाड़मेर में रही, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया। जैसलमेर, फलौदी, बीकानेर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। कोटा में 42.1 डिग्री, जोधपुर में 41.4 डिग्री, गंगानगर में 41.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 41.5 डिग्री, पाली में 40.6 डिग्री, जालौर में 40 डिग्री, चूरू में 40.2 डिग्री और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में शुक्रवार को आसमान साफ रहा और दिनभर हल्की धूप खिली रही। यहां शुक्रवार को दिन का तापमान करीब 5 डिग्री बढ़कर 39.8 डिग्री दर्ज किया गया। देर शाम यहां हल्की सुहावनी हवा चली। तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

कोटा संभाग में देर शाम छाए बादल
कोटा संभाग के कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़ के अलावा चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर के इलाकों में शाम को आसमान बादलों से ढक गया। यहां कुछ स्थानों पर हल्की धूल भरी हवाएं चलीं। इससे पहले कोटा, चित्तौड़गढ़ में दिनभर धूप खिली रही। वातावरण में गर्मी और उमस रही।

इन जिलों में गर्मी का येलो अलर्ट
मौसम केंद्र जयपुर ने शनिवार को प्रदेश में मौसम साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। वहीं, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 8 से 10 जून तक लू और तेज गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 14 जून तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और पश्चिमी राजस्थान के जिलों में लू का दौर शुरू होने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है या इसे पार भी कर सकता है।

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.