रक्षा मंत्री आज शाम पहुंच रहे जम्मू, 21 जून को उधमपुर सैन्य स्टेशन पर सेना के जवानों के साथ मनाएंगे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
Udaipur Kiran Hindi June 20, 2025 10:42 PM

जम्मू, 20 जून (Udaipur Kiran) । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 जून को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे और उधमपुर सैन्य स्टेशन पर सेना के जवानों के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएंगे जिसके लिए रक्षा मंत्री आज शाम जम्मू पहुंच रहे हैं।

21 जून को उधमपुर सैन्य स्टेशन और जम्मू-कश्मीर के अन्य सभी सैन्य स्टेशनों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को योग दिवस समारोह के लिए उधमपुर जिले के रामनगर तहसील में राजा सुचेत सिंह पैलेस में स्थित मंदिर समूह में प्रतिनियुक्त किया गया है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल प्रतिष्ठित लेह पैलेस में योग दिवस समारोह में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया आईवाईडी समारोहों के लिए प्रतिष्ठित स्थानों का चयन धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दो केंद्रीय मंत्री जम्मू क्षेत्र के उधमपुर जिले का दौरा करेंगे।

रक्षा मंत्री हर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अलग-अलग जगहों पर जवानों के साथ योग करते रहे हैं। हालांकि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को ध्यान में रखते हुए जिसमें उधमपुर में मुख्यालय वाली उत्तरी कमान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, राजनाथ ने इस साल जवानों के साथ योग करने के लिए वहां जाने का फैसला किया है। भारतीय सशस्त्र बलों ने 6-10 मई तक ऑपरेशन सिंदूर चलाया और पाकिस्तान और पीओजेके में बड़ी संख्या में आतंकवादियों के साथ आतंकी ढांचे और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए शुरू किया गया था जिसमें 25 पर्यटकों और एक स्थानीय सहित 26 नागरिक मारे गए थे। उधमपुर-कठुआ-डोडा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ. जितेंद्र सिंह रामनगर में योग करेंगे, जो उनकी लोकसभा सीट का हिस्सा है।

(Udaipur Kiran) / बलवान सिंह

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.