भारत ने चीन से आयातित 4 रसायनों पर लगाया डंपिंगरोधी शुल्क, जानें क्या होगा असर
Webdunia Hindi June 25, 2025 04:42 AM

India China trade: सरकार ने चीन से आयातित 4 रसायन पर इस महीने डंपिंगरोधी शुल्क लगाया है। घरेलू कंपनियों को चीन से सस्ते दाम पर आयातित उत्पादों से संरक्षण देने के लिए यह कदम उठाया गया है। ये शुल्क पेडा (खरपतवारनाशक), एसीटोनिट्राइल (दवा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाला रसायन), विटामिन-ए पामिटेट और अघुलनशील सल्फर पर लगाया गया है।

राजस्व विभाग के केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड ने इस बारे में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। विभाग ने कहा कि इन रसायनों के आयात पर डंपिंगरोधी शुल्क 5 वर्ष के लिए लगाया गया है। वाणिज्य मंत्रालय की इकाई व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) की सिफारिशों के बाद यह शुल्क लगाया गया है। चीन, रूस और ताइवान से आयातित पेडा पर शुल्क 1,305.6 से 2017.9 डॉलर प्रति टन होगा जबकि एसीटोनिट्राइल पर 481 डॉलर प्रति टन तक का शुल्क लगाया गया है।ALSO READ: चीनी सीमा के पास भारत के बांध बनाने का विरोध क्यों?

इसी तरह सरकार ने चीन, यूरोपीय संघ और स्विट्जरलैंड से आयातित विटामिन-ए पामिटेट पर 20.87 अमेरिकी डॉलर प्रति किलोग्राम तक का शुल्क लगाया है। टायर उद्योग में इस्तेमाल होने वाले अघुलनशील सल्फर के आयात पर 358 अमेरिकी डॉलर प्रति टन तक का शुल्क लगाया है। इसका आयात मुख्य रूप से चीन और जापान से होता है।ALSO READ: रेयर अर्थ एलिमेंट्स पर चीन के दबदबे से भारत, अमेरिका सहित दुनिया परेशान, जानिए क्या काम आता है यह खनिज

डंपिंगरोधी शुल्क विभिन्न देशों द्वारा अपने देश के उद्योगों को सस्ते आयात से संरक्षण के लिए लगाया जाता है। इस शुल्क का उद्देश्य निष्पक्ष व्यापार व्यवहार सुनिश्चित करना और विदेशी उत्पादकों एवं निर्यातकों के मुकाबले घरेलू कंपनियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

(भाषा)

Edited by: Ravindra Gupta

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.