अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतिम पीड़ित का पार्थिव शरीर उसके परिवार को सौंप दिया गया है। चिकित्सा अधिकारियों ने पहले मृतकों की संख्या 270 बताई थी। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 12 जून को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लंदन जाने वाला एयर इंडिया विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में एक छात्रावास परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
ALSO READ: एयर इंडिया के विमान के बाएं विंग के नीचे फंसी घास, मुंबई हवाई अड्डे पर 5 घंटे से अधिक समय तक रोका
इस दुर्घटना में विमान में सवार 241 लोगों और जमीन पर मौजूद कई अन्य लोगों की मौत हो गई। एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने कहा, एयर इंडिया विमान दुर्घटना के अंतिम मृत व्यक्ति के शव का डीएनए मिलान कर लिया गया है। मृतक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
उन्होंने कहा, इसके साथ ही विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 260 हो गई है। उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना में घायल हुए तीन लोगों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब तक सभी 260 मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मरने वाले 241 लोगों (जिनमें यात्री और चालक दल के सदस्यों शामिल हैं) में से 240 के शवों की पहचान पहले ही हो चुकी थी, जबकि एक शव का डीएनए मिलान होना बाकी था।
ALSO READ: एयर इंडिया हादसे का हवाई यात्रा पर पड़ा है भारी असर
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को डीएनए नमूनों के मिलान से पीड़ित की पहचान की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के अलावा जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हो गई। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश (40) इस विमान दुर्घटना में जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour