लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सदन से लेकर सड़क तक मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। राहुल गांधी मोदी सरकार और भाजपा को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते। ऐसे में जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया और भारत की अर्थव्यवस्था को 'मृत' बताया, तो राहुल ने इस पर पलटवार करने में देर नहीं लगाई। ट्रंप के सुर में सुर मिलाते हुए राहुल गांधी ने कहा, "हां, यह सच है कि भारत की अर्थव्यवस्था मृत हो चुकी है। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर यह बात सभी जानते हैं।" राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने अडानी की मदद के लिए देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। इस तरह राहुल गांधी ने 'मृत अर्थव्यवस्था' को मुद्दा बनाकर मोदी सरकार के खिलाफ एक राजनीतिक एजेंडा सेट करने की कोशिश की, जिसकी हवा खुद कांग्रेसी निकालने में लगे हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी, शशि थरूर और राजीव शुक्ला के बयानों पर गौर करें तो वे राहुल गांधी के बयान से बिल्कुल उलट नजर आते हैं। राहुल गांधी जहां ट्रंप के दावे का समर्थन कर रहे हैं, वहीं थरूर, मनीष तिवारी और राजीव शुक्ला की बात अलग है। तीनों कांग्रेस नेता ट्रंप के विचारों का खंडन कर रहे हैं और उन्हें गलत बता रहे हैं।
'मृत अर्थव्यवस्था' पर मोदी को घेरने के लिए राहुल का दांव
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की मृत अर्थव्यवस्था पर दिए गए बयान पर राहुल गांधी ने कहा कि हाँ, वह सही हैं। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर सभी जानते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है। इसके बाद, संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल ने कहा, "मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बात कही है।" उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है। भाजपा ने अडानी की मदद के लिए हमारी अर्थव्यवस्था और विदेश नीति को बर्बाद कर दिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि आज भारत के सामने सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि मोदी सरकार ने देश की आर्थिक नीति, हमारी रक्षा नीति और विदेश नीति को भी बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी केवल एक व्यक्ति के लिए काम करते हैं, वह अडानी के लिए काम करते हैं। सभी छोटे व्यवसाय बर्बाद हो गए हैं। पीएम मोदी देश को बर्बाद कर रहे हैं।कांग्रेस सांसद राहुल गांधी यह बताने में व्यस्त हैं कि मोदी सरकार में देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई है और वह केवल अपने उद्योगपतियों को लाभ पहुँचाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। इस तरह राहुल की रणनीति मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करने की है और इसे जनता का समर्थन जुटाने की रणनीति माना जा रहा है।
तिवारी, शुक्ला और थरूर राहुल से कैसे अलग हैं?
मोदी सरकार को घेरने की राहुल गांधी की रणनीति को भाजपा नहीं, बल्कि कांग्रेस ही नाकाम कर रही है। जिस दिन राहुल गांधी ने ट्रंप के मृत अर्थव्यवस्था वाले बयान का समर्थन किया, उसी दिन कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने अमेरिकी राष्ट्रपति के विचारों का खंडन करते हुए कहा कि वह गलत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मृत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि देश में आर्थिक सुधार पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू हुए थे। अटल बिहारी वाजपेयी ने उन सुधारों को आगे बढ़ाया और मनमोहन सिंह ने अपने दस साल के कार्यकाल में उन्हें मज़बूत किया। मौजूदा केंद्र सरकार ने भी इस पर काम किया है। हमारी आर्थिक स्थिति बिल्कुल भी कमज़ोर नहीं है।
मृत अर्थव्यवस्था के सवाल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह बिल्कुल भी मृत नहीं है। टैरिफ के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी व्यापार वार्ता चल रही है, संभावना है कि इसमें कमी आएगी। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हमारे निर्यात को निश्चित रूप से नुकसान होगा, क्योंकि अमेरिका हमारे लिए एक बहुत बड़ा बाजार है। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सब भारत की रणनीतिक स्वायत्तता का प्रमाण है, जिसकी शुरुआत नेहरू के गुटनिरपेक्षता से हुई थी और अब यह प्रधानमंत्री मोदी की आत्मनिर्भर भारत की सोच का हिस्सा है।
कांग्रेसी खुद राहुल के एजेंडे की हवा निकाल रहे हैं
राजीव शुक्ला, शशि थरूर और मनीष तिवारी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ और मृत अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी पूछ रहे हैं कि ट्रंप के साथ आपकी दोस्ती कहाँ चली गई? भारत इसकी कीमत चुका रहा है।
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि उन्हें देश चलाना नहीं आता। यह पूरी तरह से असमंजस की स्थिति है। शुक्ला, थरूर और तिवारी के बयान देश की आर्थिक स्थिति पर राहुल गांधी के बयानों के विपरीत हैं। ऐसे में कांग्रेस ने राजीव शुक्ला का एक वीडियो क्लिप शेयर किया, जिसमें वह संसद में एक सवाल का जवाब दे रहे थे। शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी अर्थव्यवस्था के बारे में बहुत कुछ जानते हैं। उन्होंने कांग्रेस और यूपीए सरकार द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों का ज़िक्र किया और भाजपा पर बिना किसी कारण के पार्टी और गांधी परिवार पर हर समय हमला करने का आरोप लगाया।