Jharkhand Weather: झारखंड का मौसम एक बार फिर से बदलने वाला है। राज्य में एक बार फिर से भारी बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रांची सहित राज्य में गुरुवार से मानसून के बादल और घने होंगे।
इस सिस्टम के प्रभाव से पूरे राज्य में बारिश होने का पूर्वानुमान है। रांची में 23 तक बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, अगले 22 और 23 अगस्त को पलामू और आसपास के चार जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में गुरुवार को संताल परगना और पलामू प्रमंडल समेत इसके उत्तरी भाग स्थित सभी जिलों में अगले चार दिन अच्छी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, ओड़िशा के दक्षिणी तटीय भाग पर गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र गुजर रहा है। अगले 24 घंटे में यह ओड़िशा के अंदरूनी हिस्सों में प्रवेश करते हुए पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। नजदीक होने के कारण इससे झारखंड में मानसून को सक्रिय होने में मदद मिली है। अगले 23 अगस्त तक राज्य में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
रांची में 16.8 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून सक्रिय होने से पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम में 36.6 मिमी हुई। रांची में 16.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
52% अधिक हुई बारिश
राज्य में एक जून से लेकर 19 अगस्त तक 888.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य वर्षापात 700.5 मिमी से 27% अधिक है। रांची में इस मानसून सीजन में अब तक 1094.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य वर्षापात 718.1 मिमी से 52% अधिक है।
पारा 24 घंटे में 20 गिरा
मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज किया गया। यहां का तापमान पिछले 24 घंटे के मुकाबले दो डिग्री नीचे गिर गया। यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे है।