राजनैतिक साख बचाने को हरक ले रहे झूठे आरोपों का सहारा: महेंद्र भट्ट
Udaipur Kiran Hindi August 22, 2025 12:42 PM

देहरादून, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के आरोपों को सिरे से नकारते हुए बेबुनियाद और सफेद झूठ बताया। उन्होंने कहा कि अपनी राजनैतिक साख बनाए रखने के लोग इस तरह के बयान दे रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरह भाजपा में भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण नहीं दिया जाता है। संवैधानिक नियमावली और प्रक्रिया के अनुसार भाजपा वर्षवार ऑडिट कराती है और संबंधित सभी एजेंसियों को सूचित करती है। वहीं व्यंग किया कि यह सब कांग्रेस पार्टी में होता होगा, जहां सदस्यता राशि में भी घोटाला होता है।

उन्होंने अपरोक्ष रूप से पूर्व सीएम हरदा को चुनौती देते हुए कहा कि जो कांग्रेस के बड़े नेता उनके आरोपों को सही ठहरा रहे हैं, उन्हें तथ्यों के साथ न्यायालय में जाना चाहिए, लेकिन उनका मकसद सिर्फ सुर्खिया बटोरकर बेसिरपैर के आरोप की कोशिश है। उन्होंने इस सारी बयानबाजी को कांग्रेस पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष बनने की खींचतान का हिस्सा बताया।

उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि जो व्यक्ति सभी पार्टियों से घूम फिर चुका हो, जिसपर भ्रष्टाचार के कई संगीन मामले लंबित हों, जिसकी विश्वसनीयता जनता की नजर में पूरी तरह शून्य हो, उसके बेबुनियादी आरोपों को जनता और भाजपा गंभीरता से नहीं लेती है। फिर भी उन्हें अपने आरोपों में थोड़ी भी सच्चाई लगती तो वे मीडिया में चर्चा के बजाय जांच एजेंसियों या न्यायालय के समक्ष जाते। उनका यह सब आरोपों का ड्रामा सिर्फ और सिर्फ अपने भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने, अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने और सस्ती लोकप्रियता की खातिर है।

——————

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.