शहर के नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ व प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता : नगर आयुक्त
Udaipur Kiran Hindi August 24, 2025 01:42 AM

कानपुर,23 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में शनिवार को नगर आयुक्त सुधीर कुमार द्वारा जोन-3 के अंतर्गत वार्ड संख्या-92 में साफ सफाई का जायज़ा लिया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि जिसका उद्देश्य क्षेत्र में सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन प्रणाली तथा नागरिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करना था।

नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि मैंने स्वयं पैदल चलकर विभिन्न गलियों एवं मुख्य मार्गों का स्थलीय अवलोकन किया, साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था की पुष्टि की। स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ियाँ नियमित रूप से क्षेत्र में संचालित हो रही हैं तथा कूड़ा एकत्रण का कार्य किया जा रहा है। लेकिन कुछ विसंगतियां एवं व्यवस्थागत कमियां भी पाई गई है। जिन पर त्वरित सुधार की आवश्यकता है। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को सचेत करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल प्रभाव से उठाने के निर्देश दिए हैं।

नगर आयुक्त ने गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। गलियों में एकत्रित कचरे को तत्काल खड़े होकर साफ कराया गया। वहीं मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि सफाई कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं औजार नियमित रूप से उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे स्वच्छता संबंधी दायित्वों का निर्वहन अत्यंत प्रतिबद्धता, अनुशासन एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम का लक्ष्य केवल नियमित सफाई तकसीमित न रहकर नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी स्तरों पर पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाना अनिवार्य है।

(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.