रांची सहित पूरे झारखंड की महिलाएं सबसे असुरक्षित : प्रतुल
Udaipur Kiran Hindi September 07, 2025 02:42 PM

रांची, 06 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से जारी नारी रिपोर्ट पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह रिपोर्ट हेमंत सरकार की संवेदनहीनता और नाकामी को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि देश के 31 शहरों में महिला सुरक्षा को लेकर हुए सर्वे में राजधानी रांची की महिलाएं सबसे असुरक्षित बताई गई हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार के लिए सबसे शर्मनाक पहलू है कि राजधानी की 27 प्रतिशत महिलाएं छेड़खानी के कारण अपना घर बदलने को विवश होती हैं।

शाहदेव ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि लोगों का पुलिस पर अविश्वास इतना बढ़ गया है कि नौ प्रतिशत महिलाएं अपने साथ हुए अपराध को छुपा लेती हैं और सबसे दुर्भाग्यपूर्ण तथ्य यह है कि सर्वे के अनुसार 85 प्रतिशत महिलाओं को प्रशासन पर भरोसा ही नहीं है। इससे साफ है कि झारखंड में महिलाएं पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रांची ही नहीं, पूरे झारखंड में यही स्थिति है। हेमंत सरकार पार्ट 1 और पार्ट 2 में अब तक 8000 से ज्यादा दुष्‍कर्म के मामले दर्ज हो चुके हैं। दुष्कर्मियों को सजा दिलाने का सरकार का रिकॉर्ड भी फिसड्डी है। आदिवासी बालिकाएं लगातार ट्रैफिकिंग की चपेट में आ रही हैं। लेकिन हेमंत सरकार पिछले छह वर्षों से राज्य महिला आयोग का गठन तक नहीं कर पाई। यह उसकी महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों के प्रति संवेदनहीनता का जीता-जागता उदाहरण है।

प्रतुल ने कहा कि हेमंत सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह असंवेदनशील है। जो सरकार महिला आयोग तक नहीं बना पाई, उससे महिलाओं की सुरक्षा की उम्मीद करना बेमानी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.