इशिका तनेजा ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, मां सीता के रोल को बताया आध्यात्मिक यात्रा
Stressbuster Hindi October 22, 2025 07:42 AM
इशिका तनेजा का बयान



नई दिल्ली, 21 अक्टूबर। महाकुंभ में संन्यासी बनने वाली अभिनेत्री इशिका तनेजा इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने अयोध्या के दीपोत्सव में मां सीता का किरदार निभाया है।


अब इशिका ने अखिलेश यादव के दीपोत्सव पर दिए गए बयान का जवाब दिया है और मां सीता के किरदार को निभाने के अपने अनुभव साझा किए हैं।


मिस वर्ल्ड टूरिज्म और मिस इंडिया का खिताब जीत चुकी इशिका ने अखिलेश यादव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यादव ने कभी हिंदुओं की आस्था को समझा नहीं है।


उन्होंने एक विशेष बातचीत में कहा, "अखिलेश यादव के लिए अयोध्या केवल एक अवसर है, उन्होंने कभी नहीं समझा कि अयोध्या को पाने के लिए लोगों ने कितना संघर्ष किया है।"


इशिका ने आगे कहा, "सीएम योगी जो भी करते हैं, वह सभी के लिए है। उनके निर्णयों ने स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा दिया है और लोगों को रोजगार दिया है, लेकिन ये सब उन्हें नजर नहीं आता। उन्हें क्रिश्चियनिटी पर अधिक विश्वास है।"


अयोध्या में बनाए गए सुंदर दीपकों और झांकियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, "जब हम खुद इतनी खूबसूरत चीजें बना सकते हैं, तो बाहर से क्यों खरीदें?"


मां सीता के किरदार के बारे में बात करते हुए इशिका भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, "सीता मां मेरे लिए केवल एक किरदार नहीं हैं, बल्कि यह एक आध्यात्मिक यात्रा रही है। मैंने इस किरदार को निभाकर सीखा कि संकल्प और आस्था क्या होती है।"


सीएम योगी के बारे में उन्होंने कहा कि वह राज्य की सेवा के लिए संकल्पित हैं, यही कारण है कि वह विकास कर पा रहे हैं। उनके लिए कर्म ही धर्म है।


© Copyright @2025 LIDEA. All Rights Reserved.