मुंबई, 23 अक्टूबर। इस वीकेंड, दर्शकों के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कई नई फिल्में और सीरीज उपलब्ध होंगी। इनमें रोमांचक क्राइम थ्रिलर से लेकर एक्शन और रोमांटिक कॉमेडी तक शामिल हैं, जिन्हें परिवार के साथ घर पर आराम से देखा जा सकता है।
इनमें से कई फिल्में पहले ही सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं और अब ये छोटे पर्दे पर भी दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। आइए, जानते हैं इस वीकेंड ओटीटी पर क्या देखने को मिलेगा।
दे कॉल हिम ओजी: इस तेलुगु एक्शन क्राइम फिल्म में पवन कल्याण मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ इमरान हाशमी, प्रियंका मोहन, अर्जुन दास, श्रीया रेड्डी, प्रकाश राज, अभिमन्यु सिंह, सुदेव नायर और हरीश उथमन भी नजर आएंगे। यह इमरान हाशमी की पहली तेलुगु फिल्म है, जिसका निर्देशन सुजीत ने किया है। यह फिल्म सिनेमाघरों में काफी सफल रही थी।
नोबडी वांट्स दिस-2: एरिन फोस्टर द्वारा निर्मित इस रोमांटिक कॉमेडी सीरीज में क्रिस्टन बेल, एडम ब्रॉडी, जस्टिन लूपे और टिमोथी सिमंस जैसे सितारे हैं। यह जोआन और नोआ के रिश्ते की कहानी है, जिसका पिछला सीजन दर्शकों को बहुत पसंद आया था।
परम सुंदरी: इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं। यह एक उत्तर भारतीय लड़के और एक दक्षिण भारतीय लड़की की प्रेम कहानी को दर्शाती है। फिल्म का निर्देशन तुषार जलोटा ने किया है और यह 24 अक्टूबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
कुरुक्षेत्र - पार्ट 2: एनिमेटेड सीरीज 'कुरुक्षेत्र' का दूसरा भाग भी दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहा है। यह महाभारत की कहानी को 18 प्रमुख योद्धाओं के दृष्टिकोण से प्रस्तुत करता है, जो युद्ध के दौरान अपनी-अपनी चुनौतियों का सामना करते हैं। इसका पहला भाग नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है और दूसरा भाग 24 अक्टूबर को रिलीज होगा।
मिराज: यह एक मलयालम क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अभिरामी की कहानी है, जिसका मंगेतर किरण एक ट्रेन दुर्घटना के बाद रहस्यमय तरीके से गायब हो जाता है। किसी गड़बड़ी का संदेह होने पर, वह पत्रकार अश्विन के साथ मिलकर सच्चाई का पता लगाने की कोशिश करती है।