मौसम का यू-टर्न! दिल्ली-हरियाणा समेत कई इलाकों में 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं, घर से निकलने से पहले जान लें IMD की चेतावनी
Lifeberrys Hindi January 24, 2026 01:43 AM
उत्तर भारत में मौसम ने अचानक ऐसा रंग बदला है कि लोगों को संभलकर चलने की सलाह दी जा रही है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में तेज रफ्तार से चल रही झोंकेदार हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह पलट दिया है। बवाना, नरेला और रोहिणी से लेकर बहादुरगढ़, रोहतक और कोटपूतली तक आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है, जबकि कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ घंटे चौंकाने वाले हो सकते हैं, इसलिए घर से निकलने से पहले ताजा अपडेट जरूर देख लें।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं का असर

राजधानी दिल्ली के नरेला, बवाना, अलीपुर, बुराड़ी, कंझावला, रोहिणी, बादली, मॉडल टाउन, आजादपुर, पीतमपुरा, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, जाफरपुर, नजफगढ़ और द्वारका जैसे इलाकों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। वहीं एनसीआर क्षेत्र के बहादुरगढ़, हरियाणा के रोहतक, झज्जर, फरुखनगर, महेंद्रगढ़, नारनौल और राजस्थान के कोटपूतली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस पूरे क्षेत्र में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान और विजिबिलिटी दोनों प्रभावित हो सकती हैं।

दिल्ली के लिए IMD का ताजा अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के आसमान में दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह से लेकर दोपहर से पहले तक हल्की बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में एक-दो बौछारें पड़ने की संभावना है। गरज के साथ बिजली चमकने के भी आसार बने हुए हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर के आसपास हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि शाम के समय कुछ क्षेत्रों में हल्की धुंध छाने की भी आशंका है।

नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में कैसा रहेगा हाल?

एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने की वजह से 23 जनवरी 2026 को वेस्टर्न हिमालयन क्षेत्रों में कई जगहों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि और भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां बिजली कड़कने और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की है। इसका असर नॉर्थ-वेस्ट इंडिया के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जहां कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

तापमान में कितना आएगा उतार-चढ़ाव?

नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में आज यानी शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि, इसके बाद आने वाले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

वहीं सेंट्रल इंडिया की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। फिर अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.