PM Modi in Rojgar mela : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 18वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 61,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नागरिक देवो भव: का मंत्र भी दिया।
उन्होंने कहा कि आज के इस महत्वपूर्ण दिन देश के 61,000 से अधिक नौजवान जीवन की नई शुरूआत कर रहे हैं। आज आप सभी को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। ये एक तरह से नेशन बिल्डिंग का इनविटेशन लेटर है। यह विकसित भारत के निर्माण को गति देने का संकल्प पत्र है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में रोज़गार मेला एक इंस्टिट्यूशन बन गया है। इसके जरिए लाखों युवाओं को सरकार के अलग-अलग विभागों में नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं। आज भारत, दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। हमारी सरकार का निरंतर प्रयास है कि भारत की युवाशक्ति के लिए देश-दुनिया में नए-नए अवसर बनें।
पीएम मोदी ने कहा कि तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी के इस दौर में देश की जरूरतें और प्राथमिकताएं भी तेजी से बदल रही हैं। इस तेज बदलाव के साथ आपको खुद को अपग्रेड करते रहना है। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में करीब डेढ़ करोड़ सरकारी कर्मचारी iGOT के इस प्लेटफॉर्म से जुड़कर खुद को नए सिरे से ट्रेंड कर रहे हैं, इम्पॉवर कर रहे हैं। हम सभी के लिए एक मंत्र है- नागरिक देवो भव:।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत सरकार, अनेक देशों से ट्रेड और मोबिलिटी एग्रीमेंट कर रही है। ये ट्रेड एग्रीमेंट भारत के युवाओं के लिए अनेकों नए अवसर लेकर आ रहे हैं। डिजिटल मीडिया... ऐसे अनेक क्षेत्रों में भारत एक ग्लोबल हब बनता जा रहा है। भारत की क्रिएटर इकोनॉमी बहुत तेज गति से बढ़ रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि साल 2026 का आरंभ आपके जीवन में नई खुशियों का आरंभ कर रहा है। इसके साथ ही जब बसंत कल ही गई है तो आपके जीवन में भी ये नई बसंत का आरंभ हो रहा है। आपको ये समय संविधान के प्रति अपने दायित्वों से भी जोड़ रहा है। संयोग से इस समय देश में गणतंत्र का महापर्व चल रहा है।
कल 23 जनवरी को हमने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर पराक्रम दिवस मनाया। अब कल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। फिर उसके बाद 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस है। आज का दिन भी विशेष है। आज के दिन हमारे संविधान ने जन-गण-मन को राष्ट्रीय गान और वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत के रूप में अपनाया था।
edited by : Nrapendra Gupta