South Actor Ram Charan: जुड़वा बच्चों के पिता बने RRR एक्टर राम चरण, दादा चिरंजीवी की खुशी का नहीं ठिकाना
TV9 Bharatvarsh February 01, 2026 11:42 AM

Ram Charan and Upasana Become Parents: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मेगास्टार चिरंजीवी के लिए साल 2026 बहुत लकी साबित हो रहा है. पहले उनकी फिल्म मन शंकर वर प्रसाद गारु ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया और अब चिरंजीवी के घर एक साथ दो-दो खुशियों ने दस्तक दे दी है. उनके बेटे राम चरण दूसरी बार पिता बने हैं. साल 2023 में राम चरण की पत्नी और बिजनेसवुमन उपासना ने बेटी को जन्म दिया था. इसके बाद अब उपासना ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है जिसमें एक बेटा और एक बेटी शामिल है. इस खास मौके पर मेगास्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया के जरिए खुशखबरी शेयर की है और उनकी खुशियों का ठिकाना नहीं है. फैंस चिरंजीवी एंड फैमिली को बधाइयां देते नजर आ रहे हैं.

चिरंजीवी ने इंस्टाग्राम पर ये खुशी जाहिर करते हुए लिखा- बहुत उत्साह और आनंद के साथ हमें ये बताते हुए खुशी हो रही है कि राम चरण और उपासना ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है. एक बेबी बॉय और एक बेबी गर्ल. दोनों बच्चे और मां स्वस्थ हैं और अच्छा रिस्पॉन्ड कर रहे हैं. ग्रैंड पेरेंट्स के तौर पर इन बच्चों का अपने परिवार में स्वागत करना मेरे लिए आनंद का क्षण है और प्रभु की कृपा है. इस मौके पर हमें इतना प्यार और बधाइयां देने के लिए आप सभी का शुक्रिया. चिरंजीवी और सुरेखा.

फैंस कर रहे रिएक्ट

इस खास मौके पर राम चरण, उपासना और चिरंजीवी की फैमिली को हर तरफ से बधाइयां मिल रही हैं. एक शख्स ने लिखा- ढेर सारी बधाइयां. एक दूसरे शख्स ने लिखा- भगवान बच्चों को सलामत रखे. एक अन्य शख्स ने लिखा- आपको तहे दिल से बधाई. चिरंजीवी की बात करें तो साउथ सुपरस्टार की फैमिली साउथ की सबसे बड़ी फैमिली में से एक मानी जाती है. उनके बेटे राम चरण तो फिल्मों में पॉपुलर है हीं साथ ही उनके भाई पवन कल्याण भी बड़े एक्टर हैं और मौजूदा समय में आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम हैं.

70 साल के चिरंजीवी अपनी फैमिली से बहुत प्यार करते हैं और सोशल मीडिया पर फैमिली टाइम के ग्लिम्प्स भी शेयर करते रहते हैं. एक पुराने इंटरव्यू में मेगास्टार ने कहा था कि जब वे नए-नए आए थे उस समय उन्होंने सोचा था कि उनका परिवार भी बॉलीवुड की कपूर फैमिली जितना विशाल हो. राम चरण और उपासना की बात करें तो कपल ने साल 2012 में शादी की थी और साल 2023 में उन्होंने बेटी को जन्म दिया था. अब कपल दूसरी पार पेरेंट्स बने हैं.

ये भी पढ़ें- Chiranjeevi Upcoming Film: मन शंकर फिल्म की जोरदार कमाई के बाद चिरंजीवी का बॉक्स ऑफिस पर डबल अटैक, कब आएगी विश्वम्भरा?

लकी साबित हो रहा चिरंजीवी के लिए 2026

साल 2026 की शुरुआत चिरंजीवी के लिए प्रोफेशनल और पर्सनल फ्रंट पर बहुत खास रही है. इस दौरान सिनेमाघरों में रिलीज हुई उनकी फिल्म मन शंकर वरप्रसाद गारु उनके अब तक के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है. इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 300 करोड़ पार जा चुका है और अभी भी इसकी कमाई जारी है. वहीं अब तो चिरंजीवी एक बार फिर से दादा भी बन गए हैं. ऐसे में चिरंजीवी फैमिली के लिए 2026 की शुरुआत में ही हर तरफ से खुशियां ही खुशियां दस्तक रही हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.