कांग्रेस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत के बाद सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब ‘ट्रंप-निर्भरता’ है, क्योंकि भारत को हर बात ट्रंप या उनके प्रतिनिधियों के माध्यम से पता चलती है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने आज एक दूसरे से बात की है. यह जानकारी भारत की ओर से नहीं बल्कि भारत में अमेरिकी राजदूत की ओर से दी गई है.
उन्होंने कहा कि लगता है कि यह अब नियमित हो गया है कि भारत को अपनी सरकार के कार्यों के बारे में केवल राष्ट्रपति ट्रंप या उनके द्वारा नियुक्त प्रतिनिधियों से ही पता चलता है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह ‘ट्रंप-निर्भरता’ है.
अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील पर सहमतिभारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाला जवाबी टैरिफ मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद यह जानकारी दी.ट्रंप ने दावा किया कि भारत अमेरिका के खिलाफ टैरिफ और गैर-शुल्क बाधाओं को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ेगा.
राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगापीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह जाएगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद.
पीएम ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है.
व्यापार समझौते पर सहमति बनीपीएम मोदी ने कहा, मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं.ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मित्रता व उनके प्रति सम्मान के मद्देनजर तथा उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका जवाबी टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा.
अमेरिकी उत्पादों को खरीदने की प्रतिबद्धताउन्होंने कहा कि भारत भी इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपनी टैरिफ और गैर-शुल्क बाधाओं को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ेगा.ट्रंप के अनुसार, इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने काफी बड़े स्तर पर अमेरिकी उत्पादों को खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है. उन्होंने कहा कि इसमें 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की खरीद शामिल है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, भारत के साथ हमारे पहले से शानदार संबंध और मजबूत होंगे. प्रधानमंत्री और मैं काम करके दिखाते हैं. अधिकतर लोगों के बारे में यह बात नहीं कही जा सकती.