ICC Men's T20 World Cup History: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप का पहला संस्करण साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था. तब से लेकर साल 2024 तक इस टूर्नामेंट के नौ संस्करण खेले जा चुके हैं. देखते ही देखते ये टूर्नामेंट क्रिकेट की दुनिया का सबसे रोमांचक और लोकप्रिय फॉर्मेट बन गया है. कम ओवर, तेज रफ्तार और हर गेंद पर बदलता मैच का रुख, यही टी20 फॉर्मेट की पहचान है. साल 2026 में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से खेले जाने वाला ये टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा. भारत ने अब तक 2007 और 2024 में, यानी दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है.
कितनी बार भारतीय खिलाड़ी बने ’प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’?
टी20 वर्ल्ड कप में ’प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवार्ड पूरे टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है. इस मामले में भारतीय खिलाड़ी सबसे आगे रहे हैं. अब तक तीन बार भारतीय खिलाड़ियों ने ये प्रतिष्ठित खिताब जीता है.
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में विराट कोहली इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का का अवार्ड अपने नाम किया है. उन्होंने साल 2014 में भारत को लगभग अकेले दम पर फाइनल तक पहुंचा दिया, जबकि साल 2016 में उनकी कई बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत सेमीफाइनल तक पहुंचा था. हालांकि, सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हारकर टीम इंडिया बाहर हो गई थी. साल 2024 में जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों को परेशान किया था.
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में बने भारत के हीरो
साल 2007 के फाइनल में इरफान पठान ने की थी घातक गेंदबाजी
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जब भी भारत पहुंचा है, तब कुछ खिलाड़ियों ने यादगार प्रदर्शन कर इतिहास रचा है. दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराया था. उस मुकाबले में इरफान पठान ने घातक गेंदबाजी की, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था. उस मैच में पठान ने नाबाद तीन रन बनाए थे, जबकि गेंद से उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट झटके थे. पठान ने शोएब मलिक, शाहिद अफरीदी और यासिर अराफात को आउट किया था.
साल 2024 के फाइनल में विराट और बुमराह ने किया कमाल
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में विराट कोहली ने बल्ले और जसप्रीत बुमराह ने गेंद से कमाल किया था. विराट कोहली को फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि जसप्रीत बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवार्ड दिया गया. इस तरह भारत के दो सितारों ने खिताबी जीत को ऐतिहासिक बना दिया. विराट ने फाइनल में 59 गेंद में 76 रन की पारी खेली थी, तो बुमराह ने अकेले दम पर मैच को पलट दिया था. उन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट अपने नाम किया था.