ट्रंप के सामने नहीं झुकी ये पत्रकार: कौन है वो महिला रिपोर्टर जो 1 साल में कमाती है ₹27 करोड़?
UPUKLive Hindi February 05, 2026 05:43 AM

व्हाइट हाउस का माहौल और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने तीखे सवालों की बौछार! सोशल मीडिया पर एक वीडियो जंगल में आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें महज 33 साल की एक महिला रिपोर्टर ट्रंप की आंखों में आंखें डालकर सवाल पूछती नजर आ रही है। ये कोई और नहीं, बल्कि CNN की स्टार जर्नलिस्ट और न्यूज एंकर कैटलिन कॉलिन्स (Kaitlan Collins) हैं।

जब कॉलिन्स ने ट्रंप से कड़े सवाल पूछना जारी रखा, तो राष्ट्रपति अपना आपा खो बैठे। उन्होंने न केवल कॉलिन्स पर निजी टिप्पणी की, बल्कि उन्हें ‘सबसे खराब रिपोर्टर’ तक कह डाला। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस रिपोर्टर को ट्रंप ने टोकने की कोशिश की, उसकी सालाना कमाई बड़े-बड़े दिग्गजों के होश उड़ा सकती है? कैटलिन कॉलिन्स एक साल में 27 करोड़ रुपये से ज्यादा का पैकेज लेती हैं। भारत के बड़े-बड़े एंकर्स की सैलरी भी इसके आगे फीकी नजर आती है।

आखिर कितनी है कैटलिन कॉलिन्स की सैलरी?

हालांकि CNN अपने एंकर्स की सैलरी को सार्वजनिक नहीं करता, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आई है। नवंबर 2024 में ‘द न्यूयॉर्क पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कॉलिन्स की सालाना सैलरी 3 मिलियन डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 27.24 करोड़ रुपये है। यह सैलरी CNN के अन्य टॉप एंकर्स के बराबर ही मानी जाती है।

व्हाइट हाउस में क्यों भिड़ गए ट्रंप और कॉलिन्स?

विवाद तब शुरू हुआ जब कैटलिन कॉलिन्स ने राष्ट्रपति ट्रंप से न्याय विभाग (Department of Justice) द्वारा जारी उन फाइलों पर सवाल किया, जो दिवंगत अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी थीं। कॉलिन्स ने पूछा कि उन पीड़ितों का क्या, जिन्हें अब तक न्याय नहीं मिला?

इस पर ट्रंप भड़क गए और फाइलों को खारिज करते हुए कहा कि देश को अब आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बहस के दौरान कॉलिन्स से कहा, “तुम बहुत बुरी हो, तुम सबसे खराब रिपोर्टर हो। शायद इसीलिए CNN की रेटिंग गिर रही है।” ट्रंप ने यहाँ तक कह दिया कि उन्होंने 10 साल में कॉलिन्स को कभी मुस्कुराते हुए नहीं देखा।

एपस्टीन फाइलों पर छिड़ा है घमासान

ट्रंप ने उन खबरों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी जिनमें कहा गया था कि बिल और हिलेरी क्लिंटन एपस्टीन मामले में हाउस ओवरसाइट कमेटी के सामने गवाही दे सकते हैं। ट्रंप ने इसे “शर्मनाक” बताया। बता दें कि जेफरी एपस्टीन की जेल में मौत के सालों बाद, अब लाखों दस्तावेजों के सार्वजनिक होने से कई बड़े नामों पर फिर से उंगलियां उठने लगी हैं, जिसे लेकर व्हाइट हाउस में गरमागरम बहस जारी है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.