बदायूं । जिले के बिल्सी तहसील क्षेत्र के सुंदरनगर गांव में बृहस्पतिवार को उस समय कौतूहल और उत्साह का माहौल बन गया, जब ग्रेटर नोएडा से विवाह कर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से सीधे गांव पहुंचे। हेलीकॉप्टर के गांव में उतरते ही इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ हेलीपैड के आसपास जुट गई। हर कोई इस अनोखे नज़ारे को देखने के लिए उत्साहित नजर आया।
सुंदरनगर गांव निवासी धर्मवीर चौहान के पुत्र अमित चौहान पेशे से इंजीनियर हैं। परिवार की लंबे समय से इच्छा थी कि अमित की शादी कुछ अलग और यादगार हो। इसी सोच के तहत बुधवार को बरात गांव से ग्रेटर नोएडा रवाना हुई। विवाह संपन्न होने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचे।
हेलीकॉप्टर के उतरते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर दूल्हा-दुल्हन का जोरदार स्वागत किया। गांववासियों का कहना था कि उन्होंने पहली बार किसी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव आते देखा है। यह नजारा लंबे समय तक लोगों के दिलों में बस गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई थी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था न हो। ग्रामीणों के अनुसार अमित चौहान अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं और उनके विवाह की यह अनोखी शुरुआत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।