उत्तर प्रदेश के शामली में गुरुवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस खूनी एनकाउंटर में 50,000 रुपये का इनामी और कुख्यात बदमाश रिहान अंसारी मारा गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रिहान को गोलियां लगीं, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में शामली कोतवाली का एक सिपाही सुमित भी घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लूट की साजिश रचते वक्त पुलिस ने घेराशामली के एसपी एनपी सिंह ने इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को देर रात एक गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी मिली थी कि झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर बाइक पर सवार दो शातिर बदमाश किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसओजी (SOG) की टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। जैसे ही पुलिस की टीम बदमाशों के करीब पहुंची, उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृतबदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी अपनी सुरक्षा में गोलियां चलाईं। इस मुठभेड़ में दिल्ली का रहने वाला इनामी अपराधी रिहान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख जारी है। इससे पहले मंगलवार की रात को भी एसटीएफ ने एक लाख के इनामी शूटर बनारसी यादव को मुठभेड़ में मार गिराया था।
अपराध की दुनिया का बड़ा नाम था रिहानरिहान अंसारी कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं था, बल्कि जुर्म की दुनिया का एक बड़ा चेहरा बन चुका था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रिहान के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह पिछले 10 सालों से अपने गैंग को ऑपरेट कर रहा था और उसका कनेक्शन कुख्यात याहिया गैंग से भी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसके पूरे आपराधिक इतिहास की और भी गहराई से जांच कर रही है।
विदेशी पिस्टल और लूट का सामान बरामदएनकाउंटर के बाद तलाशी के दौरान पुलिस को रिहान के पास से घातक हथियारों का जखीरा मिला है। उसके पास से इटली की बनी एक .32 बोर की बरेटा पिस्टल, एक देसी पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए हैं। इसके अलावा पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, लूटे हुए तीन मोबाइल फोन, दो सोने की अंगूठियां और नगदी भी जब्त की है। पुलिस अब रिहान के फरार साथी की तलाश में जुटी है और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।