उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. मुरसान कोतवाली क्षेत्र के मुरसान कस्बे के तेज रफ्तार अर्टिगा कार की चपेट में आने से ढाई के मासूम बच्चे की मौत हो गई है. घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने थाने के बाहर जमकर हंगामा किया. इतना ही नहीं, आक्रोशित परिजनों ने थाने और रेलवे ट्रैक पर जमकर पथराव भी कर दिया. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी.
मुरसान कस्बे के मोहल्ला मढ़ैया में रहने वाला ढाई साल का यश रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर के बाहर खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही अर्टिगा कार ने उसे बुरी तरह से रौंद दिया. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. परिजन तुरंत बच्चे को लेकर हाथरस के एक निजी अस्पताल पहुंचे, वहां से उसे बागला अस्पताल रेफर किया गया. गंभीर हालत होने से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया.
रास्ते में मासूम की मौतपरिजन बच्चे को लेकर अलीगढ़ पहुंचने वाले ही थे कि रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया. बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया. बड़ी संख्या में परिजन मुरसान कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया. उन्होंने थाने के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया था. सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
दो लोगों को हिरासत में लिया गयापुलिस का कहना है कि दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है. वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया हैं. आक्रोशित लोगों की मांग थी कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को उनके हवाले किया जाए. इसी बात को लेकर सीओ सादाबाद अमित पाठक ने आक्रोशित लोगों को समझाया. पथराव के बाद कई थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया.