बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव का मामला अभी खत्म भी नहीं हुआ था, कि अब एक और बॉलीवुड एक्टर पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है. 'गोलमाल', 'इकबाल', 'ओम शांति ओम' जैसी फिल्मों में काम कर चुके एक्टर श्रेयस तलपड़े पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है. जिसके चलते उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक्टर के ऊपर FIR दर्ज की गई है.
श्रेयस पर दर्ज हुई FIR
मैनपुरी के भोगांव थाना पुलिस ने श्रेयस तलपड़े समेत 12 लोगों के खिलाफ लाखों रुपये के निवेश घोटाले के आरोप में FIR दर्ज की है. स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि उन्हें अच्छे रिटर्न का लालच देकर पैसे निवेश करवाए गए, लेकिन पैसे वापस नहीं मिले. मुंबई महाराष्ट्र की संचालित एलयूसीसी बैंक की शाखा 2015 में भोगांव कस्बे में खोली गई थी और लोगों से निवेश कराया गया था लेकिन जब पैसे वापसी का समय हुआ तो पैसे वापस नहीं मिले और 2024 में बैंक बंद हो हो गया.
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
इस मामले में ठगी का शिकार हुए लोग जब पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे, तब पुलिस ने इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं की. जिसके बाद पीड़ित न्यायालय की शरण में चले गए और न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज हुई. इस मामले में श्रेयस के साथ साथ कुल 12 लोगों का नाम सामने आया है. हालांकि कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस मामले पर अब तक एक्टर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
श्रेयस तलपड़े के बारे में
बता दें कि श्रेयस तलपड़े बॉलीवुड एक्टर हैं और उन्होंने कई फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है. श्रेयस 'गोलमाल सीरीज', 'इकबाल', 'ओम शांति ओम', 'एमरजेंसी', 'हाउसफुल 2', जैसी फिल्मों में काम किया है. इसके अलावा उन्होंने कई टीवी रियलिटी शोज और वेब सीरीज में भी काम किया है. इसके अलावा उन्होंने मराठी फिल्मों और सीरियल्स में भी काम किया है. मुंबई में जन्मे श्रेयस ने साल 2004 में दीप्ति तलपड़े के साथ शादी की थी.