समय पर दवाई खाइए नीतीश जी… विधानसभा में CM से RJD विधायक भाई वीरेंद्र की हॉट टॉक
TV9 Bharatvarsh February 12, 2026 08:42 PM

बिहार विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र के बीच हल्की नोकझोंक देखने को मिली. आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने सदन में बिहटा और मनेर के कई पंचायतों में पानी में आर्सेनिक की अधिक मात्रा होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि पानी में आर्सेनिक की ज्यादा मात्रा होने की वजह से लोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के शिकार हो रहे हैं. आरजेडी विधायक ने इस मामले में सरकार से कार्रवाई करने की मांग की.

विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय सिंह ने विधायक भाई वीरेंद्र के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि सरकार की ओर से 9 फरवरी 2026 को पानी में आर्सेनिक की जांच कराई गई थी, लेकिन रिपोर्ट में आर्सेनिक की मात्रा नहीं मिली है.

मंत्री संजय सिंह के जवाब से भाई वीरेंद्र असंतुष्ट हो गये और उन्होंने जांच रिपोर्ट पर ही सवाल उठाते हुए सदन को गलत जानकारी देने का आरोप लगाया.

RJD विधायक की सीएम को सलाह

विधायक वीरेंद्र मंत्री पर आरोप लगा रहे थे. उसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीच में हस्तक्षेप किया और भाई वीरेंद्र के स्वेटर पर टिप्पणी की. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाई वीरेंद्र को इंगित करते हुए कहा कि अब इतनी ठंड नहीं पड़ रही है, तो फिर इतना गर्म कपड़ा क्यों पहन रखा है?

इस पर विधायक भाई वीरेंद्र ने सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, आपने ही तो स्वेटर दिया है. आप बड़े भाई और मैं छोटा भाई हूं. छोटे भाई को आपने ही गिफ्ट दिया था. इसलिए वह पहने हुए हैं, आप तो भूल जाते हैं, आप दवा समय पर खाया कीजिए तो नहीं भूलिएगा.

ये भी पढ़ें- बिहार: चुनाव के बाद अब आरजेडी में कलह! भाई वीरेंद्र ने टिकट वितरण पर उठाए सवाल

उनके इस जवाब पर विधानसभा में कुछ देर के लिए हलचल का माहौल बन गया. वहीं, इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आश्वासन दिया कि पानी में यदि आर्सेनिक की समस्या है, तो इसकी जांच कराई जाएगी, लेकिन सीएम का भाई वीरेंद्र के स्वेटर को लेकर सवाल इसलिए था क्योंकि अब मौसम इतना ठंडा नहीं रहा है.

सत्ता पक्ष और विपक्ष में नोकझोंक

दूसरी ओर, बिहार विधानसभा में गुरुवार को हाट-बाजार व्यवस्था, फुटपाथी दुकानदारों के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान एवं किसानों के लिए बाजार सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई. इस मुद्दे को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच नोकझोंक भी हुई.

ये भी पढ़ें- जानिए विधायक भाई वीरेंद्र के बारे में जिनको नहीं पहचान पाए पंचायत सचिव, फोन पर बोले- जो करना होगा कर लीजिए

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राज्य के सभी ग्रामीण हाट को आधुनिक तरीके से डेवलप किया जाएगा. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस बाजार व्यवस्था तैयार की जा रही है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार किसानों के साथ पूरी तरह से खड़ी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.