खत्म नहीं हुआ पाकिस्तान का ड्रामा, भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने पर सलमान आगा का बड़ा बयान
एबीपी स्पोर्ट्स डेस्क February 14, 2026 08:12 PM

2026 टी20 वर्ल्ड कप में कल यानी रविवार, 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच है. यह महामुकाबला श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा. इस मैच से पहले आज यानी शनिवार को पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान सलमान आगा ने भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने को लेकर बड़ा बयान दिया है. पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने रविवार को खेले जाने मुकाबले से पहले भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के सवाल पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन उम्मीद जताई कि दोनों टीमों के खिलाड़ी खेल की भावना को बनाए रखेंगे. 

जानें क्या कुछ बोले सलमान अली आगा?

हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर पूछे गए सवाल पर सलमान आगा ने कहा, “इस बारे में हम कल देखेंगे.” पाकिस्तान के शुरुआती बहिष्कार के बाद मैच को लेकर बनी संवेदनशील स्थिति के बीच सलमान ने किसी भी विवाद से दूर रहने की कोशिश की और कहा कि वह चाहते हैं कि मुकाबला क्रिकेट की भावना के अनुरूप खेला जाए. सलमान आगा ने आगे कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि यह खेल उसी भावना के साथ खेला जाए, जिस भावना के साथ इसे शुरुआत से खेला जाता रहा है.”

एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से नहीं मिलाया था हाथ

बता दें कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल सितंबर में दुबई में एशिया कप के दौरान घोषणा की थी कि उनकी टीम अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के सम्मान में पाकिस्तान के साथ हाथ नहीं मिलाएगी. इस फैसले को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना के प्रति एकजुटता के प्रतीक के रूप में भी देखा गया था. सूत्रों के अनुसार, रविवार को भी यही प्रोटोकॉल अपनाए जाने की संभावना है और टॉस के समय या मैच समाप्ति पर दोनों कप्तानों के हाथ मिलाने की उम्मीद नहीं है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.