LIC Bima Sakhi: पैसों की टेंशन खत्म! LIC की इस स्कीम से महिलाओं के खाते में हर महीने आएंगे 7000 रुपये
TV9 Bharatvarsh March 08, 2026 04:43 PM

LIC Bima Sakhi: अगर आप रोजगार की तलाश में हैं और खुद के पैरों पर खड़ी होना चाहती हैं, तो एलआईसी की ‘बीमा सखी योजना’ आपके लिए एक शानदार अवसर साबित हो सकती है. इस योजना से जुड़कर महिलाएं न सिर्फ बीमा सेक्टर में अपना करियर बना सकती हैं, बल्कि शुरुआत से ही हर महीने 7,000 रुपये तक की निश्चित आमदनी भी प्राप्त कर सकती हैं.

हर महीने होगी 7,000 रुपये की कमाई?

‘बीमा सखी योजना’ असल में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की एक ठोस सरकारी पहल है. इस योजना के तहत चुनी गई महिलाओं को देशभर में एलआईसी एजेंट के तौर पर बाकायदा प्रशिक्षित किया जाता है. इस स्कीम की सबसे खास बात यह है कि आपकी आमदनी ट्रेनिंग के दौरान ही शुरू हो जाती है. योजना के प्रावधानों के अनुसार, प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं को पहले साल 7,000 रुपये प्रतिमाह का पारिश्रमिक दिया जाता है. इसके बाद अनुभव बढ़ने के साथ दूसरे साल 6,000 रुपये और तीसरे साल 5,000 रुपये हर महीने मिलते हैं. जब यह ट्रेनिंग पूरी हो जाती है और महिला एक पूर्णकालिक एजेंट के रूप में अपना काम शुरू करती है, तो उसे तय लक्ष्य पूरा करने पर कमीशन आधारित शानदार इंसेंटिव भी दिया जाता है.

कौन उठा सकता है इस स्कीम का फायदा?

एलआईसी ने इस योजना को इस तरह डिजाइन किया है कि गांव से लेकर शहर तक की आम महिलाएं इसका आसानी से लाभ उठा सकें. इसके लिए किसी बहुत बड़ी डिग्री की दरकार नहीं है. अगर आपने किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से सिर्फ 10वीं कक्षा पास की है, तो आप इस योजना के लिए पूरी तरह से योग्य हैं. आयु सीमा को लेकर भी इसमें काफी छूट दी गई है. 18 वर्ष की युवा लड़की से लेकर 70 वर्ष तक की बुजुर्ग महिला भी इस स्कीम का हिस्सा बनकर अपनी कमाई शुरू कर सकती है. हालांकि, नियमों के मुताबिक जो लोग पहले से एलआईसी के कर्मचारी या एजेंट के पद पर कार्यरत हैं, वे इस योजना में आवेदन नहीं कर सकते हैं.

बस इन स्टेप्स को करें फॉलो

एलआईसी ने महिलाओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आवेदन की प्रक्रिया को बेहद सरल रखा है. आप अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों में से कोई भी तरीका चुन सकती हैं. ऑफलाइन आवेदन के लिए आपको अपने नजदीकी एलआईसी ब्रांच में जाकर संपर्क करना होगा. वहीं, अगर आप घर बैठे ऑनलाइन अप्लाई करना चाहती हैं, तो आपको एलआईसी की वेबसाइट (https://licindia.in/test2) पर जाना होगा. होमपेज पर आपको ‘क्लिक फॉर बीमा सखी’ का विकल्प दिखाई देगा. इस पर क्लिक करते ही एक फॉर्म खुलेगा. यहां आपको अपनी सही-सही जानकारी भरनी होगी. इसके साथ ही 10वीं पास का अटेस्टेड सर्टिफिकेट, आयु प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र की जानकारी देनी होगी. अंत में सभी दर्ज जानकारियों को एक बार दोबारा जांच लें, कैप्चा कोड भरें और फॉर्म सबमिट कर दें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.