मुंबई, 11 मार्च। बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्मों की एक खास पहचान है, और इसी कड़ी में जुनैद खान और साई पल्लवी की नई फिल्म 'एक दिन' चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा है।
ट्रेलर की शुरुआत एक 'फॉर्च्यून बेल' से होती है, जिसके बारे में जुनैद का किरदार बताता है कि यह घंटी उन हारे हुए प्रेमियों के लिए है, जो अपनी किस्मत आजमाने के लिए इसे बजाते हैं। इसी दौरान, उनकी नजर मीरा पर पड़ती है, जिसे साई पल्लवी ने निभाया है। जुनैद उस बेल से एक विश मांगता है कि मीरा उसकी हो जाए, भले ही सिर्फ एक दिन के लिए।
इसके बाद, कहानी में मोड़ आता है जब जुनैद की विश सच हो जाती है। अगले दृश्य में, मीरा जुनैद के साथ नजर आती हैं, और दोनों के बीच कई रोमांटिक क्षण साझा होते हैं। एक दृश्य में, साई पल्लवी जुनैद का जन्मदिन मनाते हुए उन्हें केक पर लगी कैंडल बुझाने से पहले एक विश मांगने के लिए कहती हैं। जुनैद मुस्कुराते हुए कहते हैं कि उनकी विश पहले ही पूरी हो चुकी है।
ट्रेलर में दोनों के बीच बढ़ते प्यार और उनकी केमिस्ट्री को खूबसूरती से दर्शाया गया है। फिल्म के लोकेशन्स रोमांटिक माहौल को और भी बढ़ाते हैं, जहां दोनों साथ में घूमते और खुशियों के पल साझा करते हैं।
हालांकि, कहानी में सब कुछ इतना सरल नहीं है। ट्रेलर के अंत में, एक गंभीर मोड़ आता है जब साई पल्लवी गुस्से में जुनैद को थप्पड़ मारती हैं और कहती हैं कि उसने उस पर भरोसा किया था। इसके बाद दोनों के बीच की दूरी को दिखाया जाता है, जिससे दर्शकों के मन में सवाल उठता है कि आखिर उस एक दिन में ऐसा क्या हुआ।
ट्रेलर के अंत में, साई पल्लवी का किरदार कहता है कि यह एक दिन उनकी जिंदगी के लिए हमेशा यादगार रहेगा।
'एक दिन' एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है, जिसे आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है। इस फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, और यह साई पल्लवी का हिंदी सिनेमा में पहला कदम है।
'एक दिन' 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।