कड़ी मेहनत और बड़े सपनों के साथ अगर कोई आगे बढ़े तो मंजिल दूर नहीं रहती. यूपी के फतेहपुर जिले के एक होनहार बेटे ने यही साबित कर दिखाया है. जिले के मानस अग्रहरि गुप्ता ने ऑल इंडिया चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षा में 19वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है.
जैसे ही यह खबर शहर में फैली, मानस के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया. पड़ोसी, रिश्तेदार और समाज के लोग इस सफलता पर खुशी जाहिर करने के लिए उनके घर पहुंचने लगे. हर कोई इस होनहार छात्र की मेहनत और लगन की तारीफ कर रहा है.
पिता के संघर्ष से मिली प्रेरणा
मानस की सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा योगदान माना जा रहा है. उनके पिता महेंद्र गुप्ता भारतीय रेलवे में चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने बेटे के सपनों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया.
बताया जाता है कि बेहतर पढ़ाई के लिए उन्होंने मानस को दिल्ली में रखकर पढ़ाया ताकि उसे अच्छी तैयारी का मौका मिल सके. पिता की मेहनत और संघर्ष को देखकर ही मानस ने अपने जीवन में कुछ बड़ा करने का फैसला किया. मानस खुद भी मानते हैं कि उनकी इस सफलता में उनके माता-पिता और परिवार का बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें पढ़ाई में मुश्किल आती थी, तब परिवार ने उन्हें हिम्मत दी और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
दिल्ली में की पढ़ाई, वहीं से शुरू हुई तैयारी
मानस ने अपनी पढ़ाई नई दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) से की. वहां से बीकॉम फाइनल करने के बाद उन्होंने पूरी तरह से CA की तैयारी पर ध्यान दिया. CA परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में मानी जाती है. इसमें सफल होने के लिए लंबे समय तक लगातार मेहनत और धैर्य की जरूरत होती है. मानस ने भी कई सालों तक मेहनत की और आखिरकार अपनी लगन से यह बड़ी सफलता हासिल की.
पूरे जिले में खुशी का माहौल
मानस की सफलता की खबर मिलते ही फतेहपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी. कुछ संगठनों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय
मानस का कहना है कि यह सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार की है. उन्होंने अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने मामा और मामी को भी इस सफलता का श्रेय दिया. मानस ने बताया कि परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
यह भी पढ़ें - AFCAT 1 रिजल्ट घोषित, वायु सेना में ऑफिसर बनने की दौड़ में अगला पड़ाव अब इंटरव्यू