पॉपुलर यूट्यूबर एल्विश यादव को एक पुराने केस में सुप्रीम कोर्ट की तरफ से बड़ी राहत मिली है. दरअसल, 2023 में एल्विश पर सांप के जहर का इस्तेमाल करना का आरोप लगा था और एफआईआर दर्ज हुआ था. यूट्यूबर पर नोएडा में इस एफआईआर को दर्ज करवाया गया था और यूपी पुलिस केस की जांच-पड़ताल कर रही थी.
एल्विश पर आरोप था कि 2023 नवंबर में नोएडा के एक रेव पार्टी में उन्होंने सांप के जहर का इस्तेमाल नशे के तौर पर किया था. इसे मामले में पुलिस ने यूट्यूबर को 2024 में 17 मार्च को गिरफ्तार भी कर लिया था. अब इस मामले में जब एल्विश को राहत मिल गई है, तो उन्होंने एक वीडियो शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की है.
एल्विश यादव ने वीडियो शेयर कर जाहिर की खुशी
एल्विश ने अपने वीडियो में कहा,'राम-राम सभी को, आज बहुत खुशी का दिन है. सभी को नवरात्रों की हार्दिक शुभकामनाएं, गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं. आज तुम्हारे भाई का इंडिपेंडेंस डे भी है. क्योंकि, सुप्रीम कोर्ट ने, मैं बताते हुए इतना खुश हूं अंदर से, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने अपना सांप वाला जो केस था उसे खारिज कर दिया है. मुझे हमेशा से अपने न्यायपालिका में विश्वास था कि न्याय तो मिलकर रहेगा.जिसने जो करा है, उसको उसकी सजा मिल जाएगी. जिसने कुछ नहीं करा है, वो बच जाएगा.बहुत-बहुत शुक्रिया सुप्रीम कोर्ट का अपने न्याय पालिका का. केस हमारा जो एफआईआर था वो रद्द हो गई. मैं बहुत खुश हूं, बता नहीं सकता कि कितना खुश हूं.'
🙏🏻🙏🏻 pic.twitter.com/shcnvOqSkQ
— Elvish Yadav (@ElvishYadav) March 19, 2026
एल्विश ने आगे कहा,'आज से दो साल पहले 17 मार्च 2024 को जो अरेस्ट हुआ था मैं, इस झूठे केस में मेरे पर लगाया था. तभी से मैं कहता आ रहा हूं कि मैंने कुछ नहीं करा. नवंबर 2023 में मेरे ऊपर केस रजिस्टर हुआ था, तबसे कह रहा हूं मैंने कुछ नहीं किया. मीडिया वालों ने न्यूज चैनल ने मेरे खिलाफ न्यूज चलाया कि एल्विश यादव ने ये किया, वो किया. मैंने बहुत हैरेसमेंट सहा है, मेरे परिवार ने बहुत कुछ झेला है.'
यूट्यूबर ने आगे कहा,'मैंने और मेरे परिवार ने जो सहन किया है, भगवान ना करे वो किसी के साथ हो. चलो जो भी हुआ, हम पर केस हुआ हम जीत गए. लेकिन, ढ़ाई सालों में जो हमने हैरेसमेंट झेला है उसकी भरपाई क्या है. क्या कोई हमें आकर सॉरी बोलेगा. हमें किसी से सॉरी नहीं चाहिए. ये वक्त जो हमने काटा इसकी भरपाई क्या है, मुझे ये समझ नहीं आ रहा है. हालांकि, जो भी है मैं बहुत खुश हूं. भगवान ना करे किसी की जिंदगी में ये मुश्किल वक्त आए. हमारा कमबैक बहुत शानदार था. क्योंकि, हमारे साथ लोग बहुत अच्छे थे. मेरे परिवार ने मेरा साथ दिया. आप सभी लोगों का धन्यवाद ऐसे ही प्यार बनाए रखे..लव यू.'