रवांडा की 15 साल की खिलाड़ी ने T20I में रच डाला इतिहास, डेब्यू मैच में शतक ठोककर बनाए दो-दो वर्ल्ड रिकॉर्ड
CricketnMore-Hindi March 22, 2026 01:43 AM

Fanny Utagushimaninde World Record: 15 साल की उम्र में ही फैनी उटागुशिमानिंदे ने क्रिकेट दुनिया को चौंका दिया। अपने डेब्यू टी20 इंटरनेशनल मैच में शतक जड़कर उन्होंने नया इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद अब हर कोई उनकी चर्चा कर रहा है।

रवांडा की युवा बल्लेबाज फैनी उटागुशिमानिंदे ने महज 15 साल की उम्र में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो बड़े-बड़े खिलाड़ी भी नहीं कर पाते। शुक्रवार (20 मार्च) को नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20I टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने डेब्यू मैच में ही 111 रनों की धमाकेदार पारी खेली और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।

15 साल और 223 दिन की उम्र में शतक जड़ते ही फैनी महिला और पुरुष टी20 इंटरनेशनल इतिहास की सबसे कम उम्र की सेंचुरी बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने इस मामले में फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2022 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ 18 साल और 280 दिन की उम्र में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

इतना ही नहीं, इस मुकाबले मेंशतक ठोकते ही फैनी महिला टी20I के डेब्यू मैच में शतक लगाने वाली दुनिया की पहली बल्लेबाज भी बन गई हैं। इससे पहले अपने टी20I के डेब्यू मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की पूर्व खिलाड़ी कैरेन रोल्टन ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 2005 में इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ नाबाद 96 रन बनाए थे।

15-year-old Fanny Utagushimaninde debuts with a massive 111 (65) vs Ghana. 1st woman to score a T20I debut century Youngest T20I centurion (15 years and 223 days) A star is born. The future i Rwandan.RwandaCricket RisingStar T20I pic.twitter.com/H6AOloYRAy

Rwanda Cricket Association (RwandaCricket) March 20, 2026

फैनी की इस शानदार पारी में 65 गेंदों पर 111 रन शामिल रहे, जिसमें 17 चौके देखने को मिले। उनका स्ट्राइक रेट 170 से ज्यादा का रहा, जो इस पारी की आक्रामकता को साफ दिखाता है। उन्होंने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और बाकी बल्लेबाजों के साथ मिलकर बड़े स्कोर की नींव रखी।

फैनी की इस कमाल पारी के चलते पहले बल्लेबाजी करते हुए रवांडा ने 20 ओवर में 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। फैनी के अलावा मर्वेइले उवाज़े ने 32 रन की तेज पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी अच्छा योगदान दिया। जवाब में घाना की टीम इस लक्ष्य के सामने पूरी तरह बिखर गई और 8 विकेट खोकर 88 रन ही बना सकी।

Also Read: LIVE Cricket Score

रवांडा के लिए गेंदबाजी में बेलिसे मुरेकाटेटे ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत पक्की कर दी। इस तरह रवांडा ने यह मुकाबला एकतरफा अंदाज में अपने नाम किया, लेकिन इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा फैनी उटागुशिमानिंदे की ऐतिहासिक पारी ही रही।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.