पिछले 18 साल से आईपीएल का आयोजन हो रहा है और अब इसका 19वां सीजन शुरू होने जा रहा. मगर इस सीजन की शुरुआत से पहले ही जो हो रहा है, वो शायद ही इससे पहले कभी दिखा हो. आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होनी और 2 महीने तक टूर्नामेंट चलना है. मगर टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही कई खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं, जिनमें से कुछ बाहर भी हो चुके हैं और कुछ के खेलने पर संदेह बना हुआ है. हालात ये हैं कि 10 में से 9 टीमों को किसी न किसी खिलाड़ी की चोट से जूझना पड़ रहा है.
आईपीएल के किसी भी सीजन की शुरुआत से पहले अक्सर होता है कि कोई न कोई खिलाड़ी चोट के कारण टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही बाहर हो जाता है. मगर जहां आम तौर पर ऐसा 2-3 खिलाड़ियों के साथ होता है, वहीं इस बार ये तादाज 5-6 तक पहुंच चुकी है, जिसमें कुछ और नाम जुड़ सकते हैं. वहीं कई खिलाड़ी देरी से अपनी-अपनी टीम से जुड़ेंगे. कुल मिलाकर 10 में से सिर्फ गुजरात टाइटंस ही अभी तक एक ऐसी टीम है, जिसके सभी खिलाड़ी शुरू से उपलब्ध रहेंगे.
सबसे पहले बात कोलकाता नाइट राइडर्स की. टीम के दो तेज गेंदबाज, हर्षित राणा और आकाश दीप चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. इन दोनों के रिप्लेसमेंट का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है. वहीं तीसरे पेसर मतीषा पतिरणा को अभी तक श्रीलंकाई बोर्ड से फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला है और उनके अप्रैल के तीसरे हफ्ते से जुड़ने की उम्मीद है. इन तीनों के अलावा पहले ही KKR ने बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था और उनका रिप्लेसमेंट भी अभी तक नहीं आया है.
चेन्नई सुपर किंग्स को भी झटका लगा है क्योंकि उसके ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी चोट के कारण बाहर हो गए हैं. वहीं ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट के अंगूठे में फ्रेक्चर है, जिसके चलते वो शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं.
सनराइजर्स हैदराबाद की स्थिति भी अच्छी नहीं है. पहली बार IPL में आ रहे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जैक एडवर्ड्स भी चोट के कारण आने से पहले ही बाहर हो गए. वहीं कप्तान पैट कमिंस अभी तक फिट नहीं हैं और शुरुआती मुकाबले नहीं खेल सकेंगे. वहीं श्रीलंका के पेसर ईशान मलिंगा को भी अभी तक फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला है.
मौजूदा चैंपियन RCB की स्थिति के लिए भी अच्छी खबर नहीं है. खिताबी सफलता में बड़ी भूमिका निभाने वाले दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई पेसर जॉश हेजलवुड भी कम से कम 2-3 मैच नहीं खे पाएंगे. वहीं इस टीम के श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवन तुषारा ने भी अभी फिटनेस टेस्ट पास नहीं किया है और इसलिए उन्हें भी NoC नहीं मिली है.
लखनऊ सुपर जायंट्स को भी श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा के फिट होने का इंतजार है. उन्हें भी फिटनेस टेस्ट से गुजरना है, जिसके बाद ही NoC मिलेगी और ऐसे में उनका भी शुरुआती मुकाबलों में शामिल होना मुश्किल दिख रहा है.
राजस्थान रॉयल्स भी अपने इंग्लिश ऑलराउंडर सैम करन के बिना ही मैदान पर उतरेगी. करन को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ही ग्रोइन में चोट लगी थी, जो अभी तक ठीक नहीं हुई है. ऐसे में वो भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. इसी तरह मुंबई इंडियंस के अनकैप्ड भारतीय स्पिन-ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर घुटने की सर्जरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं.
वहीं दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के 2 स्टार तेज गेंदबाज भी शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे. मगर इनकी वजह चोट नहीं, बल्कि वर्कलोड मैनेजमेंट है. दिल्ली कैपिटल्स के दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई मिचेल स्टार्क इसके चलते टीम के साथ देरी से जुड़ेंगे. वहीं पंजाब के लिए खेलने वाले न्यूजीलैंड के तूफानी गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन अपने बच्चे के जन्म के कारण कुछ वक्त परिवार के साथ बिताएंगे और इसके चलते शुरुआत के कम से कम 7 मैच नहीं खेल पाएंगे.