मुंबई, 21 मार्च। आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' ने रिलीज से पहले ही दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब, फिल्म के प्रदर्शन के बाद, यह बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता प्राप्त कर रही है। आम दर्शकों के साथ-साथ कई सेलेब्स ने भी इस फिल्म की प्रशंसा की है। अभिनेता ऋषभ शेट्टी, रितेश देशमुख और रकुल प्रीत सिंह ने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ की है, इसे 'वर्ल्ड क्लास सिनेमा' और 'मास्टरपीस' बताया है।
ऋषभ शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पहला सीन आपको तुरंत अपनी ओर खींच लेता है और अंत तक आपको बांधे रखता है। हर फ्रेम युद्ध के ड्रम की तरह गूंजता है। यह केवल एक सीक्वल नहीं, बल्कि एक बयान है।"
उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की बारीकी की प्रशंसा की और कहा कि सभी कलाकारों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ऋषभ ने रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी की अदाकारी की सराहना की। उन्होंने विक्की कौशल के विजुअल्स, शाश्वत सचदेव के संगीत और शिवकुमार वी. पनिकर के संपादन की भी प्रशंसा की। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि फिल्म लंबी है, लेकिन पूरी तरह से पैसा वसूल है।
रितेश देशमुख ने फिल्म को देखकर हैरान रह जाने की बात कही। उन्होंने लिखा, "क्या शानदार सिनेमा है, अनुभव अद्भुत है। रणवीर सिंह स्क्रीन पर जादू करते हैं, हर भावना को पूरी तरह निभाते हैं।"
रितेश ने राकेश बेदी को 'कमाल' कहा और अर्जुन रामपाल तथा संजय दत्त के स्क्रीन ऑरा को बेमिसाल बताया। सारा अर्जुन को बेहतरीन एक्टर करार दिया। उन्होंने प्रोड्यूसर लोकेश धर और निर्देशक आदित्य धर को सलाम करते हुए कहा कि आदित्य ने देश को ऐसी फिल्म दी है, जिसे सदियों तक याद किया जाएगा। रितेश ने जियो स्टूडियोज और ज्योति देशपांडे को भी बधाई दी।
रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि फिल्म देखने के बाद उन्हें इसे समझने और विचार साझा करने में पूरा एक दिन लग गया। उन्होंने लिखा, "यह क्राफ्ट, पैशन, परफॉर्मेंस, बैकग्राउंड स्कोर, इमोशंस और हर उस चीज का मास्टरपीस है, जिसे 'वर्ल्ड क्लास सिनेमा' कहा जाता है।"
रकुल ने आदित्य धर को विशेष और प्रतिभाशाली बताया तथा उनकी स्क्रिप्ट पर विश्वास और उसे जीवंत करने के तरीके की सराहना की। उन्होंने रणवीर सिंह के बारे में कहा, "मेरे पास शब्द नहीं हैं। आप हमजा और जसकीरत दोनों की भूमिका में जबरदस्त हैं।" उन्होंने आर माधवन, सारा अर्जुन और जियो स्टूडियोज की भी तारीफ की, साथ ही पूरी कास्ट-क्रू को बधाई दी।